नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह भारत के लखनऊ में हुए हमले का है, जहां स्थिति खराब है और गृहयुद्ध जैसे हालात बने हुए हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो किसी हमले का नहीं, बल्कि लखनऊ की एक बस्ती में लगी आग का है। दुष्प्रचार के इरादे से आग लगने के इस वीडियो को गलत दावे के साथ फर्जी अकाउंट से वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘@hitorisenshi142’ ने 15 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए अंग्रेजी में कैप्शन लिखा, “भारत के उत्तर प्रदेश के लखनऊ में गृहयुद्ध जैसी स्थिति।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘न्यूज 18’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट में वायरल वीडियो का कीफ्रेम है। इस रिपोर्ट को 16 अप्रैल 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विकास नगर के सेक्टर-12 में रिंग रोड के किनारे बसी एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई थी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस आग में करीब 1200 झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। करीब तीन बीघे में बसी इस अवैध झुग्गी में 200 से अधिक परिवार रह रहे थे। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रात 10 बजे तक आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी रहीं। आग इतनी तेजी से फैली कि बस्ती में रखे लगभग 100 एलपीजी सिलिंडर पटाखों की तरह फटने लगे। इन धमाकों से पूरा इलाका हिल गया और दूर-दूर तक काला धुआं फैल गया।”

वायरल वीडियो हमें ‘tv9 bharatvarsh’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 15 अप्रैल 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, “लखनऊ: विकास नगर के बस्ती क्षेत्र में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं, आग लगने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।”

इस खबर से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां जा सकता है।
दावे से जुड़ी एक पोस्ट लखनऊ पुलिस के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी मिली। इस पोस्ट को 16 अप्रैल 2026 को शेयर किया गया था। पोस्ट में पुलिस अधिकारी को आग के बारे में जानकारी देते हुए देखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार विकास नगर इलाके में आग लग गई थी, जिस पर काबू पा लिया गया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण लखनऊ के चीफ रिपोर्टर राजीव वाजपेई से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो लखनऊ की बस्ती में आग लगने का है। यहां कोई हमला नहीं हुआ है और हालात सामान्य हैं। फर्जी दावों को वायरल किया जा रहा है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर भारत के खिलाफ पोस्ट शेयर करता रहता है। एक्स पर यूजर को सौ से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को मार्स का रहने वाला बताया है। हालांकि, जांचने पर हमने पाया कि यह अकाउंट साउथ एशिया बेस्ड है। अगस्त 2025 में यूजर ने अपना यूजरनेम बदला था। जुलाई 2025 से यूजर एक्स पर एक्टिव है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आग के वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो किसी हमले का नहीं, बल्कि लखनऊ की एक बस्ती में लगी आग का है। दुष्प्रचार के इरादे से आग लगने के वीडियो को गलत दावे के साथ फर्जी अकाउंट से वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: लखनऊ में लगी आग के वीडियो को ‘गृहयुद्ध’ जैसी स्थिति का बताकर माहौल बिगाड़ने के इरादे से किया जा रहा शेयर appeared first on Vishvas News.
0 Comments