नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के दौरान क्षतिग्रस्त इमारतों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कुछ यूजर्स इन्हें शेयर कर दावा कर रहे हैं कि ये फोटो और वीडियो इजरायल के शहर तेल अवीव में हुए हमलों में क्षतिग्रस्त हुई इमारतों के हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि तेल अवीव में ईरान के हमलों में क्षतिग्रस्त इमारतों के दावे से वायरल फोटो पुराना है, जबकि वीडियो एआई जेनरेटेड है।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Iran Press’ ने 13 मार्च 2026 को क्षतिग्रस्त इमारतों की तस्वीर शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे तेल अवीव की बताया है।
फेसबुक यूजर ‘voice of muslim’ ने भी 13 मार्च 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे इजरायल के तेल अवीव में हुए ईरान के हमले का बताया। वीडियो में क्षतिग्रस्त इमारत को देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल दावों की जांच के लिए हमने सबसे पहले तेल अवीव के नाम पर वायरल तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। फेसबुक अकाउंट ‘My Impact Blog’ पर 22 जून 2025 को इस तस्वीर को पोस्ट किया गया था। इसके साथ लिखा है, “ईरानी हमलों ने तेल अवीव में मौजूद एकमात्र जैविक केंद्र को पूरी तरह से तबाह कर दिया!”

‘एपी न्यूज’ की वेबसाइट पर 22 जून 2025 को अपलोड हुए वीडियो में भी इस तस्वीर को एक अन्य एंगल से देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “अमेरिका द्वारा ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमला करने के कुछ घंटों बाद ईरान ने इजरायल पर 40 से ज्यादा मिसाइलें दागीं। इन हमलों में 23 लोग घायल हो गए और तीन शहरों में अपार्टमेंट की इमारतें और घर तबाह हो गए। तेल अवीव में हमले वाली एक जगह पर धमाके की वजह से एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत का एक हिस्सा पूरी तरह से टूटकर गिर गया और सैकड़ों मीटर के दायरे में कई दूसरी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हमले में ज्यादा लोग घायल नहीं हुए, क्योंकि कई निवासियों को पहले ही सुरक्षित जगहों पर पहुंचा दिया गया था और बाकी लोग शेल्टर में थे।”
यूट्यूब चैनल ‘Forbes Breaking News’ पर 22 जून 2025 को इस हमले से संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड किया गया था। इसमें भी वायरल तस्वीर में दिख रही इमारतों को देखा जा सकता है।
इससे यह साबित हो गया कि वायरल तस्वीर जून 2025 में इजरायल के तेल अवीव पर हुए ईरान के हमले के बाद की है।
इसके बाद हमने वायरल तस्वीर को शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। ‘Iran Press’ (आर्काइव लिंक) के नाम से बने एक्स अकाउंट की प्रोफाइल पिक में ईरान के झंडे की तस्वीर लगी है और इसकी लोकेशन ईरान की राजधानी तेहरान है। 1 लाख 31 हजार से अधिक फॉलोअर्स वाले इस यूजर ने जुलाई 2020 में एक्स ज्वाइन किया था। इस अकाउंट से ईरान के समर्थन में कई पोस्ट की गई हैं।

इस एक्स अकाउंट की विस्तृत जानकारी के लिए हमने इसका ‘अबाउट अकाउंट’ सेक्शन चेक किया। इसके अनुसार, जुलाई 2020 में बने इस अकाउंट का अब तक पांच बार यूजरनेम बदला जा चुका है। आखिरी बार इसे मार्च 2026, मतलब युद्ध शुरू होने के बाद बदला गया था।

इसके मुताबिक, यह अकाउंट अफगानिस्तान बेस्ड है और फरवरी 2026 में वेरिफाई हुआ है।
हालांकि, एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार, जिस देश या क्षेत्र में यह अकाउंट है, उस पर हाल की यात्रा या कुछ समय के लिए दूसरी जगह जाने का असर पड़ सकता है। यह डेटा सही नहीं हो सकता है और समय-समय पर बदल सकता है।
इस अकाउंट से पहली पोस्ट 17 फरवरी 2026 की दिख रही है।
स्कैनिंग में इस अकाउंट पर हमें एक एआई जेनरेटेड वीडियो (आर्काइव लिंक) भी मिला, जिसे 14 मार्च 2026 को ईरान का बताते हुए पोस्ट किया गया था।
इस वीडियो की पड़ताल विश्वास न्यूज ने की थी, जिसकी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
वीडियो
इसके बाद हमने क्षतिग्रस्त इमारत के वीडियो को चेक किया। इसके एक हिस्से में आधी कार और अधूरे इंसान को देखा जा सकता है। साथ ही, इतनी बड़ी घटना के बाद भी लोगों को इमारत की ओर भागते हुए देखा जा सकता है। इससे हमें यह वीडियो एआई से बना हुआ लगा।

इसकी जांच के लिए हमने इसे एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ से चेक किया। इसमें इसे 99 फीसदी से अधिक एआई संभावित बताया गया।

वीडियो को हमने एआई डिटेक्शन टूल टेंशेंट के ‘Zhuque AI’ वीडियो डिटेक्टर टूल से भी चेक किया। इसमें भी वीडियो के 91 फीसदी से अधिक एआई होने की संभावना जताई गई।

इससे साबित होता है कि वायरल वीडियो एआई निर्मित है।
वीडियो के बारे में हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के फेक एआई वीडियो बनाकर इजरायल के खिलाफ प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है।
क्या है संदर्भ?
28 फरवरी को शुरू हुआ अमेरिका-इजरायल और ईरान का युद्ध अब तीसरे हफ्ते में हैं। ‘ग्लोबल कॉनफ्लिक्ट ट्रैकर’ की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, ”28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया, जिसके बाद ईरान ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल, बहरीन, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात सहित पूरे मिडिल ईस्ट (वेस्ट एशिया) में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया।”
‘अलजजीरा’ की 14 मार्च 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, “युद्ध और भी ज्यादा तेज होता जा रहा है। अमेरिकी सेना ने ईरान के खर्ग द्वीप पर मौजूद सैन्य ठिकानों पर हमला किया। यह द्वीप एक बेहद अहम केंद्र है, जहां से ईरान के कच्चे तेल का ज्यादातर निर्यात होता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि वॉशिंगटन ने जान-बूझकर इस द्वीप में तेल से जुड़े बुनियादी ढांचे को हमले से बचाए रखा, लेकिन उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर ईरान ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ से होने वाली जहाज़ों की आवाजाही में कोई रुकावट डालता है, तो इस पर भी हमला किया जा सकता है। इस बीच, तेहरान ने चेतावनी दी है कि उसकी ऊर्जा सुविधाओं पर किसी भी हमले के जवाब में क्षेत्रीय तेल बुनियादी ढांचे और अमेरिका-समर्थित संपत्तियों पर जवाबी कार्रवाई की जाएगी, जिससे खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा और सुरक्षा का एक व्यापक संकट पैदा होने की आशंका बढ़ गई है।”
अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध से संबंधित अन्य खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
निष्कर्ष: ईरान के हमले में इजरायल के शहर तेल अवीव में क्षतिग्रस्त इमारतों के दावे से वायरल फोटो पुराना है। वायरल तस्वीर जून 2025 में इजरायल पर ईरान के हमले के बाद की है। वहीं, वायरल वीडियो असली नहीं, बल्कि एआई है।
The post Fact Check: इजरायल में हमले में क्षतिग्रस्त इमारतों के दावों से पुराना फोटो और एआई वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments