What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नहीं कहा लोग गरीबी का दिखावा करते हैं, फर्जी बयान वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2026 को देश का आम बजट 2026-27 पेश किया। इसी को लेकर अब संसद में चर्चा चल रही है। इसी बीच वित्त मंत्री के नाम से एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि उन्होंने कहा है, “हमारे देश में कोई गरीब नहीं है। लोग गरीब होने का दिखावा करते हैं। लोग खूब सोना चांदी खरीद रहे हैं।”

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। फर्जी बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Khan Shahzad’ ने 1 फरवरी 2026 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि हमारे देश मे कोई ग़रीब नहीं है लोग ग़रीब होने का दिखावा करते हैं लोग खूब सोना चांदी खरीद रहे हैं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

अन्य यूजर्स भी इस पोस्ट को शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। अगर सच में उन्होंने इस तरह का कोई बयान दिया होता, तो उससे जुड़ी कोई न कोई न्यूज रिपोर्ट जरुर मौजूद होती।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने निर्मला सीतारमण के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं मिली। 

डीडी न्यूज की वेबसाइट पर 1 फरवरी 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण के दौरान कहा, “हमारा फोकस ‘ज्ञान’ (जीवाईएएन) यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति पर है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, मैन्युफैक्चरिंग और मेक इन इंडिया, रोजगार और इनोवेशन पर हमारा ध्यान केंद्रित है। साथ ही कृषि और निर्यात पर हम काम कर रहे हैं और हमारा उद्देश्य विकसित भारत बनाने पर है। पीएम मोदी के नेतृत्व में इकोनॉमी को गति देंगे। ये विकसित भारत का बजट है।”

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 1 फरवरी 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “निर्मला सीतारमण ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प हमारे गरीब, वंचित और पिछड़े लोगों पर ध्यान देना है। हमारा पहला कर्तव्य प्रोडक्टिविटी और कॉम्पिटिटिवनेस को बढ़ाना है। अस्थिर ग्लोबल डायनामिक्स के प्रति लचीलापन रूख बनाकर आर्थिक विकास को तेज बनाए रखना है।”

पड़ताल के दौरान हमें असली ग्राफिक ‘moliticsindia’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। पोस्ट को 30 जनवरी 2026 को शेयर किया गया था। असली पोस्ट में लिखा हुआ है, “भारत में 15 साल से ज्यादा उम्र के 56.2 करोड़ लोग रोजगार में हैं- निर्मला सीतारमण (वित्त मंत्री)।”

कैप्शन में लिखा हुआ है, “वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में इकोनॉमिक सर्वे पेश किया। सर्वे के मुताबिक, भारत में 15 वर्ष से अधिक उम्र के 56.2 करोड़ लोग रोजगार में हैं। GDP ग्रोथ (सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर) 6.5% से 7% की रेंज में रहने का अनुमान है। सुझाव दिया गया है कि जंक फूड के विज्ञापनों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पाबंदी लगाई जानी चाहिए।”

दोनों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

पड़ताल के दौरान हमें बजट का पूरा वीडियो डीडी न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 1 फरवरी 2026 को शेयर किया गया था। यहां पर भी हमें वायरल दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

बजट के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी उन्होंने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के नेशनल ब्यूरो के पत्रकार नीलू रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम पर वायरल बयान गलत है।

हमने बजट को कवर करने वाले बिजनेस पत्रकार वीरेंद्र व्यास से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। वित्त मंत्री ने अभी तक इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने न ही बजट के दौरान ऐसा कहा था और न ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के समय भी इस तरह की कोई बात कही थी।

Molitics india के संपादक नीरज झा से भी हमने इस बारे में बातचीत की। उनके साथ हमने वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने इसे एडिटेड और फर्जी बताया है।

अंत में हमने फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दो हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यह नहीं कहा कि लोग गरीबी का दिखावा करते हैं। उन्होंने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। फर्जी बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

The post Fact Check: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नहीं कहा लोग गरीबी का दिखावा करते हैं, फर्जी बयान वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments