What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: जेफरी एपसटीन के साथ नजर आ रहीं मीरा नायर और उनके बेटे जोहरान ममदानी की ये तस्वीरें AI से बनी हैं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एपस्‍टीन फाइल्स में भारतीय फिल्म निर्देशक मीरा नायर का भी उल्लेख आया है। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिन्‍हें लेकर दावा किया जा रहा है कि ये तस्वीरें एपस्‍टीन फाइल्स से संबंधित हैं। इन तस्‍वीरों में मीरा नायर, जेफरी एपस्‍टीन के अलावा जेफ बेजोस, बिल गेट्स, बिल क्लिंटन और अपने बेटे (अब न्यूयॉर्क के मेयर) जोहरान ममदानी के साथ नजर आ रही हैं।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर इन तस्वीरों को एपस्‍टीन फाइल्स के खुलासे से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

अमेरिकी न्याय विभाग की तरफ से जारी किए गए एपस्‍टीन फाइल्स में न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की मां और फिल्म निर्देशक मीरा नायर का नाम सामने आया है, लेकिन ये दोनों तस्वीरें फेक हैं और इन्‍हें एआई की मदद से बनाया गया है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Girijesh Vashistha’ ने वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को 2 फरवरी 2026 को शेयर करते हुए लिखा है, “ज़ोहरान ममदानी (सामने खड़ा बालक) उनकी मां और भारतीय फिल्म निदेशक मीरा नायर, बिल गेट्स, बिल क्लिन्टन और एपस्‍टीन. ये तस्वीर अमेरिका में खूब वायरल हो रही है. कुछ गुस्साए लोग आधी रात को जोहरान के घर मेगाफोन लेकर पहुंच गए और चिल्लाने लगे कि जोहरान बाहर निकल. हमने तेरा प्रचार किया था. बगैरह बगैरह.”

वहीं, एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने एक अन्य तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है, जिसमें मीरा नायर, बिल क्लिंटन और जेफरी एपस्‍टीन के साथ नजर आ रही हैं।

पड़ताल

दोनों तस्वीरें दिखने में वास्तविक नजर आ रही हैं, लेकिन न्यूज सर्च में मीरा नायर से संबंधित किसी भी रिपोर्ट्स में हमें यह तस्वीरें नहीं मिलीं, जो इनके एआई क्रिएटेड होने का संदेह पैदा करता है। इसलिए हमने इन्‍हें सबसे पहले गूगल के एआई डिटेक्शन टूल सिंथआईडी (SynthID) की मदद से चेक किया।

पहली तस्वीर

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर।

सिंथआईडी का एनालिसिस इस तस्वीर के गूगल एआई की मदद से क्रिएटेड होने की पुष्टि करता है। इस तस्वीर में डिटेक्शन कॉन्फिडेंस बेहद हाई है, जो इसके एआई क्रिएटेड होने की पुष्टि करता है।

तस्वीर में (दाईं तरफ) नीले रंग में नजर आ रहा हिस्सा एआई मैनिपुलेटेड हिस्से को चिह्नित करता है।

दूसरी तस्वीर

सिंथआईडी का एनालिसिस इस तस्वीर के भी गूगल एआई की मदद से क्रिएटेड होने की पुष्टि करता है। इस तस्वीर में भी डिटेक्शन कॉन्फिडेंस बेहद हाई है, जो इसके एआई क्रिएटेड होने की पुष्टि करता है।

तस्वीर में (दाईं तरफ) नीले रंग में नजर आ रहा हिस्सा एआई मैनिपुलेटेड हिस्से को चिह्नित करता है।

Gemini के प्रॉम्प्ट आधारित एनालिसिस के मुताबिक, “इंटरनल डिटेक्शन टूल ने फाइल (तस्वीर) में एक SynthID डिजिटल वाटरमार्क को देखा है, जो एक ऐसी टेक्नोलॉजी है, जिसका इस्तेमाल गूगल अपने AI द्वारा बनाई या एडिट की गई इमेज को लेबल करने के लिए करता है।”

गौरतलब है कि यह वाटरमार्क इंसानी आंख से दिखाई नहीं देता है, लेकिन इसे उस कंटेंट में एम्बेड किया जाता है, जिसे Google के कई AI प्रोडक्ट्स में से किसी एक से बनाया या बदला गया हो। सिंथआईडी के फुल एनालिसिस को यहां देखा जा सकता है।

क्या हैं एपस्‍टीन फाइल्स?

अमेरिकी न्याय विभाग ने यौन अपराधों के दोषी जेफरी एपस्‍टीन से संबंधित लाखों पन्नों के दस्तावेजों को सार्वजनिक किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन फाइल्स में टेक्स्ट, वीडियो और फोटोज शामिल हैं, जिनमें कई प्रभावशाली हस्तियों के, एपस्‍टीन और उसके सहयोगी गिलेन मैक्सवेल के साथ संबंधों का जिक्र शामिल है।

बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, “एपस्टीन की मौत 2019 में हो चुकी है. लेकिन मृत्यु के 6 साल बाद भी एपस्टीन की फ़ाइलें विश्व की कई सरकारों, नेताओं, बिज़नेसमैन और नामी-गिरामी हस्तियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं. अमेरिकी संसद के दोनों सदनों (हाउस और सीनेट) ने एक क़ानून पास किया, जिससे न्याय विभाग को सभी फ़ाइलें जारी करने का आदेश मिला. ट्रंप ने नवंबर में इस पर हस्ताक्षर कर दिए. इस क़ानून के बाद फ़ाइलें जारी करने की 30 दिनों की समयसीमा शुरू हुई. लेकिन कुछ फ़ाइलें जारी नहीं की जाएंगी, जैसे- फ़िलहाल चल रही किसी आपराधिक जांच से जुड़ी फ़ाइलें, एपस्टीन के शिकार लोगों की पहचान बताने वाली जानकारी, निजी जानकारी जो गोपनीयता भंग करे या बच्चों के यौन शोषण, मौत और चोट की तस्वीरें.”

रिपोर्ट के मुताबिक, “एपस्टीन फ़ाइल्स से जुड़े 30 लाख नए दस्तावेज़ जारी किए गए हैं. कुछ सामग्री पहले ही सार्वजनिक हो चुकी है, जिनमें तस्वीरें भी शामिल हैं. इससे पहले कमिटी से एपस्टीन की संपत्ति के हज़ारों दस्तावेज़ आए, जिनमें ज़्यादातर ईमेल थे. सितंबर 2025 में एक बर्थडे बुक जारी हुई, जिसमें ट्रंप के नाम वाला एक नोट था. हालांकि, ट्रंप ने यह नोट लिखने से इनकार किया.”

इन्हीं फाइल्स के खुलासे में मीरा नायर का भी नाम सामने आया। एक अन्य न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, “दस्तावेजों में शामिल 21 अक्टूबर 2009 का एक ईमेल विशेष रूप से चर्चा में है, जिसे पब्लिसिस्ट पेगी सीगल द्वारा जेफरी एपस्‍टीन को भेजा गया था। इसमें बताया गया है कि मीरा नायर की फिल्म अमेलिया की रिलीज के बाद एक आफ्टरपार्टी का आयोजन गिलेन मैक्सवेल के टाउनहॉल पर किया गया था।”

अन्य न्यूज रिपोर्ट में भी इस खुलासे का जिक्र है।   हमारी जांच से स्पष्ट है कि एपस्‍टीन फाइल्स के सार्वजनिक खुलासे में मीरा नायर का नाम उनकी फिल्म ‘अमेलिया’ की रिलीज के बाद, गिलेन मैक्सवेल के टाउनहाउस पर हुई आफ्टरपार्टी के संदर्भ में आया है, लेकिन इसके दावे से वायरल तस्वीरें एआई क्रिएटेड हैं।

वायरल तस्वीरों को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 20 हजार लोग फॉलो करते हैं। ऐसे ही अन्य एआई क्रिएटेड तस्वीरों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के एआई चेक सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: एपस्‍टीन फाइल्स के सार्वजनिक खुलासे में मीरा नायर का नाम उनकी फिल्म ‘अमेलिया’ की रिलीज के बाद गिलेन मैक्सवेल के टाउनहाउस पर हुई आफ्टरपार्टी के संदर्भ में आया है, लेकिन इसके दावे से वायरल तस्वीरें एआई क्रिएटेड हैं, जिनमें वे जेफरी एपस्‍टीन के अलावा बिल गेट्स, जेफ बेजोस और बिल क्लिंटन के साथ नजर आ रही हैं।

The post Fact Check: जेफरी एपसटीन के साथ नजर आ रहीं मीरा नायर और उनके बेटे जोहरान ममदानी की ये तस्वीरें AI से बनी हैं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments