नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। केरल आत्महत्या केस से जोड़ते हुए दो वीडियो का कोलाज तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस एक महिला को गिरफ्तार कर ले जाती हुई नजर आ रही है। जबकि दूसरे वीडियो में महिला बस में एक शख्स को रिकॉर्ड करते हुए नजर आ रही है। इस वीडियो कोलाज को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वही महिला है, जिसने बस में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए वीडियो बनाकर शेयर किया था।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल हो रहा गिरफ्तारी का वीडियो केरल आत्महत्या केस से संबंधित नहीं, बल्कि करीब तीन साल पुराना है। असल में यह वीडियो एक अन्य केस से संबंधित है। इस केस में महिला पर आरोप था कि वह अपने पति की आत्महत्या के बाद अपने बच्चे को छोड़ प्रेमी के साथ चली गई थी। जबकि दूसरा वीडियो, जिसमें महिला बस में वीडियो रिकॉर्ड करती नजर आ रही है यह वीडियो केरल आत्महत्या से संबंधित है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Jeet Singh’ ने 23 जनवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “केरल का मामला एक लड़की शिमजिथा मुस्तफा ने रील बनाने और फॉलोवर्स बढ़ाने के चक्कर में एक मासूम इंसान दीपक पर गलत इल्जाम लगाकर बदनाम किया, आत्महत्या करने पर किया मजबूर।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘News Keralam’ नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुआ मिला। वीडियो को 24 नवंबर 2023 को शेयर किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, “महिला का नाम अश्वथी है। यह महिला कथित तौर पर अपने बच्चे को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ उस दिन चली गई थी जिस दिन उसके पति ने आत्महत्या की थी। इसके बाद वो एक वकील के साथ आंचाल पुलिस स्टेशन में पेश हुई थी।”
पड़ताल के दौरान हमें इस केस से जुड़ा एक अन्य वीडियो ‘News Keralam’ के फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 24 नवंबर 2023 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि अश्वथी के पति के आत्महत्या के मामले में उसे और उसके प्रेमी नितिन को गिरफ्तार किया गया था। इन दोनों पर इस मामले से जुड़े कई आरोप लगे थे।

अधिक जानकारी के लिए हमने केरल के रिपोर्टर वेणुगोपाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो केरल आत्महत्या केस से संबंधित नहीं है। यह वीडियो करीब तीन साल पुराना है और एक अन्य केस से संबंधित है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 20 जनवरी 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “केरल में एक 42 साल के शख्स ने आत्महत्या कर ली है। एक महिला ने दीपक यू नाम के शख्स पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था और उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। दीपक के रिश्तेदारों ने बताया, वीडियो के वायरल होने के बाद, जब दीपक ने अपना वीडियो देखा, तब उसने आत्महत्या कर ली। कोझिकोड मेडिकल कॉलेज पुलिस ने वडाकरा की रहने वाली शिमजिथा मुस्तफा (35) के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।”

महिला के गिरफ्तारी का वीडियो हमें ‘ABN Telugu’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, बस में कथित यौन उत्पीड़न का वीडियो पोस्ट करने के आरोप में महिला को गिरफ्तार किया गया। इस वीडियो रिपोर्ट में बस में रिकॉर्ड किया गया वीडियो भी मौजूद है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब चार हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला की गिरफ्तारी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल हो रहा वीडियो केरल आत्महत्या केस से संबंधित नहीं, बल्कि करीब तीन साल पुराना है। असल में यह वीडियो एक अन्य केस से संबंधित है। इस केस में महिला पर आरोप था कि वह अपने पति की आत्महत्या के बाद अपने बच्चे को छोड़ प्रेमी के साथ चली गई थी।
The post Fact Check: एक अन्य मामले में गिरफ्तार महिला का पुराना वीडियो केरल आत्महत्या केस से जोड़कर वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments