What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: शाहरुख को लेकर योगी आदित्यनाथ का पुराना बयान भ्रामक दावे से वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का पिछले दिनों टीजर रिलीज हुआ है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक बार फिर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी योगी आदित्यनाथ का एक बयान वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में उन्हें शाहरुख खान की आलोचना करते हुए सुना जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह योगी आदित्यनाथ का हालिया बयान है, जो उन्होंने शाहरुख खान को लेकर दिया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शाहरुख़ खान की आलोचना करते योगी आदित्यनाथ का यह वायरल वीडियो 2015 का है। यह वीडियो उस वक्त का है, जब उन्होंने शाहरुख खान के देश में बढ़ती असहिष्णुता से जुड़ी बात पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए यह वायरल बयान दिया था और इस बयान के वक्त योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री  भी नहीं थे। यह दावा इससे पहले भी वायरल हो चुका है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ‘अमित शर्मा युवा सचिव’ ने 10 जनवरी को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “*शाहरुख खान की मूवी ना देखने के लिए उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री परम पूज्य महंत योगी आदित्यनाथ जी का दो टूक संदेश। इस सन्देश को घर-घर पहुँचायें। यह वीडियो बहुत महत्वपूर्ण है। आप जिस किसी बड़े ग्रूप से जुड़े हो उसमें भी इसे भेजो और परिवार के युवाओं को बताएं। भाइयों फुल भविष्यकर करो शाहरुख खान का।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

 यह वीडियो इससे पहले मई 2025 में भी समान  दावे के साथ वायरल हो चुका है। वायरल वीडियो में योगी आदित्यनाथ को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “यह पहली बार नहीं है, जब शाहरुख खान ऐसा कर रहे हैं। शाहरुख खान को यह याद रखना चाहिए कि अगर देश का बहुसंख्यक समाज उनकी फिल्मों का बहिष्कार कर देगा, तो एक आम मुसलमान की तरह उनको भी सड़कों पर भटकना पड़ेगा। मुद्दों पर, तथ्यों पर बात होनी चाहिए। भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को खराब करने की जो अंतरराष्ट्रीय साजिशें हो रही हैं, उससे सभी को बचना चाहिए… दुनिया का कोई सहिष्णु समाज है, तो वह हिंदू समाज है। हिंदू समाज को बदनाम करने के लिए कोई इस तरह के षडयंत्रों में शामिल है, तो उसकी सामूहिक निंदा होनी चाहिए और उसका सामूहिक बहिष्कार होना चाहिए।”

दावे की पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को कीवर्ड के साथ सर्च करना शुरू किया। सर्च में यह वीडियो इटी नाउ के यू-ट्यूब चैनल पर 4 नवंबर 2015 को अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो में एक रिपोर्टर को योगी आदित्यनाथ से यह पूछते हुए सुना जा सकता है, “मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने कहा है कि अगर ऐसे लोग शाहरुख खान या जो साहित्यकार हैं, भारत में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो उन्हें पाकिस्तान आ जाना चाहिए।”

यहां दी गई जानकारी के अनुसार, “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की सोच में कोई अंतर नहीं है। हाफिज सईद द्वारा खान को पाकिस्तान आकर रहने के निमंत्रण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि वह निमंत्रण का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि अभिनेता इस पर विचार करेंगे।”

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल आगे बढ़ाया और न्यूज सर्च किया। सर्च में हमें 4 नवंबर 2015 को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर मिली। खबर में बताया गया है, “शाहरुख खान ने अपने 50वें जन्मदिन पर देश में चरम असहिष्णुता की बात की थी।’ उनके इस बयान के बाद बीजेपी के कई नेताओं ने उनकी आलोचना की थी।

यह वीडियो इससे पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। जिस समय यह वीडियो वायरल हुआ था, उस वक्त योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। हालांकि, वीडियो में दिख रहा बयान 2015 का है। चूंकि उस समय योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से सांसद थे, इसलिए जानकारी की पुष्टि के लिए हमने गोरखपुर के स्थानीय पत्रकार धीरेंद्र विक्रमादित्य गोपाल से संपर्क किया था। उन्होंने बताया था कि यह बयान 2015 का है और उस वक्त योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं थे।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘अमित शर्मा युवा सचिव’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर के 5 हजार से ज्यादा एफबी फ्रेंड्स हैं। वहीं , यह प्रोफाइल काफी एक्टिव रहता  है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शाहरुख़ खान की  आलोचना करते योगी आदित्यनाथ का यह वायरल वीडियो 2015 का है। यह वीडियो उस वक्त का है, जब उन्होंने शाहरुख खान के देश में बढ़ती असहिष्णुता से जुड़ी बात पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए यह वायरल बयान दिया था और इस बयान के वक्त योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यामंत्री भी नहीं थे।

The post Fact Check: शाहरुख को लेकर योगी आदित्यनाथ का पुराना बयान भ्रामक दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments