नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला को अपनी माँ को एक वृद्धाश्रम छोड़ते हुए दिखाया गया है। वीडियो को असली समझ कई लोग शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि मां की मर्जी के बिना बेटी ने उन्हें वृद्धाश्रम में छोड़ दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा गलत है। असल में यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है। इस तरह के वीडियो ज्यादा से ज्यादा व्यू के लिए बनाए जाते हैं।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर ‘Unfiltered Hindustan‘ ने 10 जनवरी 2026 को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “मां को वृद्धाश्रम छोड़ती बेटी और एक लाइन ‘घर में जगह नहीं है’ बस एक वाक्य… और लाखों दिल टूट गए। एक वायरल वीडियो में एक बेटी अपनी बूढ़ी माँ को ओल्ड एज होम में छोड़ते हुए दिख रही है। जब पूछा गया कि क्या वह अपनी मर्ज़ी से आई हैं, तो माँ चुपचाप कहती हैं ‘नहीं’, और उनकी आँखों से आँसू बहने लगते हैं। इस पल ने ऑनलाइन एक ज़बरदस्त बहस छेड़ दी है – लाचारी या बेरहमी? क्या घर छोटे हो रहे हैं, या दिलों में जगह कम हो रही है? आखिर तक? देखें और कमेंट करके बताएं कि आपको कैसा लगा।।.”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो सबसे पहले ashishpoper नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 23 दिसंबर 2025 को अपलोड मिला। यहाँ कैप्शन में साफ़ लिखा था कि यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है और सिर्फ़ जागरूकता के मकसद से बनाया गया है।

पेज को खंगालने पर हमने पाया कि यह प्रोफ़ाइल आशीष वत्स नाम के एक व्यक्ति का है। प्रोफ़ाइल में वे खुद को एक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर बताते हैं। इस पेज पर इस तरह के और भी स्क्रिप्टेड वीडियो अपलोड किए गए हैं।
इस विषय में हमने सीधा आशीष वत्स से संपर्क किया और उन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो स्क्रिप्टेड है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कैप्शन में साफ़ लिखा है कि वीडियो जागरूकता के मकसद से बनाया गया है।
आए दिन सोशल मीडिया पर स्क्रिप्टेड वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिन्हें लोग असली समझ लेते हैं। विश्वास न्यूज समय-समय पर ऐसे वीडियो की जांच करता रहा है। विश्वास न्यूज द्वारा स्क्रिप्टेड वीडियो की जांच को यहां पढ़ा जा सकता है।
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर ‘Unfiltered Hindustan’ को फेसबुक पर 1500 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: बुजुर्ग मां को वृद्धाश्रम में छोड़ती महिला का यह वीडियो स्क्रिप्टेड है appeared first on Vishvas News.
0 Comments