नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से जोड़कर कई दावे सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। इसी बीच एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें भीड़ को गेट तोड़कर अंदर जाते हुए देख सकते हैं। वीडियो में लोगों को हाथों में अलग-अलग रंग के झंडे पकड़े हुए देखा जा सकता है। यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि नेपाल की तरह बिहार के मुजफ्फरपुर में भी प्रदर्शन शुरू हो गया है।
विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वीडियो का बिहार से कोई संबंध नहीं है। यह राजस्थान के सीकर का है, जहां स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने छात्रसंघ में चुनाव बहाल करने और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्र शेखावटी विश्वविद्यालय का गेट तोड़कर अंदर घुस गए थे। उसी वीडियो को अब बिहार का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर Sonukumar Sonukumar ने 17 नवंबर 2025 को वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “Abhi Nepal ke jaise hamara Bihar Muzaffarpur chalu ho gaya hai chalo bihariyon taiyar ho jao aur ladne ke liye”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के कई स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो Sikar 23 news नामक एक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 29 जुलाई 2025 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, ‘वीडियो सीकर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी यूनिवर्सिटी का है। जब छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने विरोध-प्रदर्शन किया था। इस दौरान छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में नारेबाजी करते हुए कुलपति ऑफिस का घेराव किया और और भवन का मुख्य गेट तोड़ दिया था।’
वीडियो से जुड़ी जानकारी patrika.com की एक खबर में मिली। 29 जुलाई 2025 को प्रकशित खबर में बताया गया, ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग के साथ ही स्थायी भर्ती करवाने, यूनवर्सिटी में हाॅस्टल चालू करने, शैक्षणिक फीस कम करने सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने मुख्य गेट से लेकर यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन के अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन चैनल गेट पर ताला लगा हुआ था। जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने चैनल गेट तोड़ दिया था।”
वीडियो हमें Khabar Gawah ख़बर गवाह नाम के फेसबुक पेज पर मिला। 28 जुलाई 2025 को शेयर वीडियो में इसे राजस्थान के सीकर जिले के कटराथल गांव में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय का बताया गया है।
वीडियो से जुड़ी अन्य रिपोर्ट्स यहां देखें।
हमने वीडियो को लेकर राजस्थान के वरिष्ठ एवं स्वतंत्र पत्रकार संतोष कुमार पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो राजस्थान का है, पर पुराना है। छात्रों ने प्रदर्शन किया था।
राजस्थान के वीडियो को बिहार का बताने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर को 2 हजार ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: बिहार चुनाव के नतीजों के खिलाफ प्रदर्शन के दावे से वायरल वीडियो राजस्थान का है appeared first on Vishvas News.
0 Comments