What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले का है मैथिली ठाकुर के लंदन का यह वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव में एनडीए ने 202 सीटें हासिल करते हुए भारी जीत दर्ज की है। वहीं, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को पटना में होना है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें नवनिर्वाचित बीजीपी विधायक मैथिली ठाकुर को लंदन की सड़कों पर घूमते  हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो बिहार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद का है। दावा किया जा रहा है कि चुनाव जीतने के बाद मैथिली ठाकुर लंदन में हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। मैथिली  ठाकुर के लंदन का यह वीडियो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले का है। चुनाव से दो महीने पहले के वीडियो को फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर भूमि  दत्त ने 18 नवंबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “देखिए बिहार का विकास लंदन में हो रहा है, “अब विकास गया तेल लेने मैडम चली लंदन घूमने” चौकीदार तो विदेश विदेश घूम ही रहा था एक और आ गई है देश का पैसा दूसरे देश में बर्बाद करने. आप क्या कहते हो मित्रों।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो मैथिली ठाकुर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 26 सितंबर 2025 को अपलोड किया हुआ मिला।

इसी वीडियो को 26 सितंबर 2025 को मैथिली  ठाकुर ने अपने फेसबुक पेज पर भी  डे 3 इन लंदन के कैप्शन के साथ अपलोड किया है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने मैथिली  ठाकुर के एक्स हैंडल को स्कैन किया। हमें उनकी कई हालिया पोस्ट मिली, जिनमें उन्हें बिहार में देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण में इलेक्शन को कवर करने वाले वरिष्ठ संवाददता रमन शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने हमें बतया कि चुनाव के बाद मैथिली ठाकुर विदेश नहीं गई हैं ज्यादातर बिहार में ही हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ और मतगणना  के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए गए। विधानसभा की कुल 243 सीटों में चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, एनडीए को 202 सीटें मिलीं, जिसमें बीजेपी को 89 सीटें और जनता दल-(यूनाइटेड) को 85, आरजेडी को 25, एलजेपी(आर) को 19, एआईएमआईएम को 5, कांग्रेस को छह, राष्ट्रीय  लोक मोर्चा को 4 और अन्य को शेष सीटें मिलीं हैं।

जागरण की खबर के अनुसार, “बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिले ऐतिहासिक जनादेश के बाद अब 20 नवंबर को आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।”

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के स्कैनिंग की। यूजर भूमि दत्त को दस हजार लोग फॉलो करते हैं। हमने पाया कि यूजर पटना की रहने वाली हैं।  

The post Fact Check : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले का है मैथिली ठाकुर के लंदन का यह वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments