What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: प्रेस से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव का वीडियो एडिटेड, गलत दावे से किया जा रहा वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के बाद से ही विवादों को लेकर राष्ट्री जनता दल के अध्यक्ष लालू यादव का परिवार सुर्खियों में है। इसी बीच सोशल मीडिया पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि तेजस्वी यादव ने नशे की हालात में प्रेस से बातचीत की। 

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत साबित हुआ। असल में वायरल वीडियो एडिटेड है। वीडियो को एडिट कर स्लो मोशन में कर दिया गया है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि तेजस्वी यादव नशे में बात कर रहे हैं। यह दावा पहले भी वायरल हो चुका है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Vijay Singh’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘कौन कमबख्त बर्दाश्त करने को पीता है — हम तो पीते हैं कि यहां पर बैठ सकें, तुम्हें देख सके, तुम्हें बर्दाश्त कर सकें। देवदास तेजस्वी यादव का राहुल गांधी को संदेश।’

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो  ‘रिपब्लिक भारत’ के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 11 जून 2024 को शेयर किया गया था। असली वीडियो में वायरल वीडियो वाले हिस्से को 0.30 से लेकर 1.0 तक देखा जा सकता है। ओरिजिनल वीडियो में तेजस्वी यादव की आवाज सामान्य है और सही सुनाई देती है, जबकि एडिटेड वीडियो में ऐसा नहीं है। वीडियो में वो 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद मंत्रालयों के बंटवारे के समय बिहार को नजरअंदाज करने की बात कर रहे हैं।  

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के पटना स्थित समाचार संपादक अश्विनी सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए वीडियो को एडिटेड बताया। 

यह वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावों से वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज ने इसकी जांच कर सच्चाई सामने रखी थी। उस दौरान हमने अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के पटना स्थित समाचार संपादक अश्विनी सिंह से संपर्क किया था। उन्होंने पुष्टि करते हुए वीडियो को एडिटेड बताया था। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर 31 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट्स को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत साबित हुआ। असल में वायरल वीडियो एडिटेड है। वीडियो को एडिट कर स्लो मोशन में कर दिया गया है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि तेजस्वी यादव नशे में बात कर रहे हैं।

The post Fact Check: प्रेस से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव का वीडियो एडिटेड, गलत दावे से किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments