What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: चुनाव नतीजों से पहले का खेसारी लाल के इंटरव्यू का वीडियो गलत दावे से वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर छपरा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इसी से जोड़ते हुए उनके इंटरव्यू का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि खेसारी लाल ने अपनी हार के बाद बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ बयान दिया है। चुनाव नतीजों के बाद वीडियो के वायरल होने से यह हाल का प्रतीत हो रहा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो बिहार के चुनावी नतीजों से पहले का है। दरअसल, नामांकन के बाद खेसारी लाल ने यह इंटरव्यू दिया था। इसी वीडियो को इस तरह से शेयर किया जा रहा है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उन्होंने तेजस्वी यादव के खिलाफ बयान दिया है। असली वीडियो में वह अपने नामांकन के अनुभव के बारे में बता रहे हैं और बीजेपी पर तंज कस रहे हैं।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Monu Thakur’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘खेसारी भैया कह रहे हैं कि जोश जोश में, मैं बहुत कुछ बोल गया .. लेकिन अब मेरे करियर की ल*** भो*** हो गया हैं …. अब मैं 5 साल कुछ नहीं कमा पाऊँगा और तेजस्वी जी ने घोटाले वाला जो पैसा रखा था इस चुनाव में सब ख़त्म हो गया हैं की कुछ मुझे दे दें ..ये मनुवादी लोग मेरी पिक्चर नहीं देखेंगे जिन्होंने यादव समाज का पूरा पैसा दबा कर रखा है वो भैस का दूध बेच कर मुझे कितना आगे बढ़ायेंगे ..अब मैं बर्बाद हो गया !’

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें इस इंटरव्यू का असली वीडियो ‘The Red Mike’ नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुआ मिला। वीडियो को 29 अक्टूबर 2025 को शेयर किया गया था। वीडियो में 6.04 मिनट पर रिपोर्टर उनसे कहता है, “खेसारी जी आपके पास सब कुछ है गाड़ियां-वाडिया सब है, शोज मिल रहे हैं। पैसे की कमी नहीं है, शोहरत की कमी नहीं है। ऐसा क्या हुआ कि आपको लगा कि यार चुनाव लड़ लेते हैं। मतलब सब कुछ है आपके पास भगवान का दिया हुआ। मेहनत से बनाया आपने चुनाव लड़ने का कैसे सोचा आपने।”

इस सवाल के जवाब में खेसारी लाल कहते है, “सच पूछिए ना तो पांच साल अब मैं कुछ कमा नहीं पाउंगा। अब पांच साल मेरे पास कोई कमाई नहीं होने वाली है। हां गाना गाएंगे हम। क्योंकि मैं गाने के बिना जी नहीं सकता। एक्टिंग के बिना में जी नहीं सकता। अपनी कला के बिना तो मैं पांच दिन नहीं रह पाउंगा, मैं मर जाउंगा। बट हां, जिस जनता के बीच मैं आया हूं ना, वो कैसे हुआ। मुझे तो कंप्लीटली, मुझे लगता था कि मेरे हाथ में सब कुछ है। मैं जो चाहता था वो कर पाता था। कर भी लेता था। मेहनत से कर लेता था अपने, मैं मेहनत कर के, लड़ के, मर के, जैसे भी होता था, कर लेता था। यह पहला ऐसा डिसीजन मेरे जीवन में हुआ, जब मुझे एक घंटे में डिसीजन लेना है और ना नहीं बोलना है और मैं जिसका सम्मान करता हूं, मैंने अपनी कैरियर को दाव पर लगा दिया।” फिर रिपोर्टर बोलता है, तेजस्वी यादव के लिए और वो बोलते हैं, “यस।” इसके बाद वो बीजेपी पर तंज कसते हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने पटना दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने दावे को गलत बताया है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को करीब सात हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट्स को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि खेसारी लाल के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो बिहार चुनाव के नतीजों से पहले का है। दरअसल, नामांकन के बाद उन्होंने एक इंटरव्यू दिया था। इसी वीडियो को इस तरह से शेयर किया जा रहा है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उन्होंने तेजस्वी यादव के खिलाफ बयान दिया है। जबकि असली वीडियो में वह नामांकन के अनुभव के बारे में बता रहे हैं और बीजेपी पर तंज कस रहे हैं।

The post Fact Check: चुनाव नतीजों से पहले का खेसारी लाल के इंटरव्यू का वीडियो गलत दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments