What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बिहार चुनाव बाद बीजेपी के दफ्तर पर हमले का दावा फेक, वायरल वीडियो लेह का है

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। राज्य में एनडीए पूर्ण बहुमत के सरकार बनाने को तैयार है। इसी बीच सोशल मीडिया पर कई दावे भी वायरल किए गए। ऐसे ही चुनाव के नतीजे आने के बाद एक वीडियो को शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक बिल्डिंग में आग लगी हुई नजर आ रही है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बिहार चुनाव के नतीजों के बाद प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी के दफ्तर में आग लगाई।

विश्वास न्यूज ने जांच में दावे को गलत पाया। असल में यह वीडियो साल 2025 का लेह का है, जहां प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी के दफ्तर में आग लगा दी थी। उसी वीडियो को अब बिहार के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का बिहार से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर रोहित यादव ने 17 नवंबर 2025 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “बिहार में बीजेपी का दफ्तर जला दिया गया।” वीडियो के ऊपर पटना लिखा हुआ है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो CNN-News18 के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 24 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, “लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय में आग लगा दी। जिससे लेह में तनाव बढ़ गया है।”

हमें वीडियो से जुडी जानकारी बीबीसी की एक खबर में मिली। 24 सितंबर 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया, “केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर बुधवार को हुआ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो उठा और भीड़ ने लेह में बीजेपी कार्यालय में आग लगा दी।”

सर्च के दौरान वीडियो हमें एएनआई के एक्‍स हैंडल पर भी मिला। 24 सितंबर 2025 को अपलोड इस वीडियो में घटना को लेह का बताया गया है। विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी दफ्तर में आग लगा दी थी।

वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो बिहार का नहीं है। ऐसा कुछ नहीं हुआ है।

पड़ताल के अंत में वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि यूजर को फेसबुक पर चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर लखनऊ का रहने वाला है।

The post Fact Check: बिहार चुनाव बाद बीजेपी के दफ्तर पर हमले का दावा फेक, वायरल वीडियो लेह का है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments