नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव के नतीजों के आने के बाद राज्य में नई सरकार बनाने की कवायद जारी है। इस बीच सोशल मीडिया यूजर नीतीश कुमार का एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि वे एक बार फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से अलग होने जा रहे हैं। इस दावे के साथ जिस वीडियो क्लिप को शेयर किया जा रहा है, उसमें नीतीश कुमार को लालू यादव के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए हुए सुना जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। वायरल हो रहा वीडियो उस वक्त का है, जब वे महागठबंधन में शामिल थे। हालांकि, वह इस गठबंधन में लंबे समय तक नहीं रहे और फिर 2024 में वे एनडीए में शामिल हुए और 2025 का चुनाव उन्होंने इसी गठबंधन के साथ लड़ा है, जिसके नतीजे 14 नवंबर को आ चुके हैं। इस चुनाव में एनडीए को दो तिहाई से अधिक बहुमत मिला है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Khabariya Dose Bihar/Jharkhand’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “लालू यादव के पक्ष में बोले सीएम नीतीश, फिर मारेंगे पलटी।”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो को नीतीश कुमार को लालू यादव और उनके परिवार के खिलाफ सीबीआई की कार्रवाई के बारे में कहते हुए सुना जा सकता है। इसी आधार पर की-वर्ड सर्च में हमें यह वीडियो जी बिहार झारखंड के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर दो साल पहले अपलोड किया हुआ मिला।
25 अगस्त 2023 को दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो तब का है, जब नीतीश कुमार से लालू यादव की जमानत को लेकर सवाल पूछा गया था और इसके जवाब में उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा था सीबीआई पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया था।
कई अन्य यू-ट्यूब चैनल पर यह वीडियो समान संदर्भ में मौजूद है।
हमारी जांच से स्पष्ट है कि यह वीडियो 2023 का है। 10 अगस्त 2022 की हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, “मंगलवार को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और जनता दल यूनाइटेड राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से बाहर हो गया। इसके बाद जेडीयू महागठबंधन में शामिल हो गया और तेजस्वी यादव ने नीतीश को गठबंधन का नेता और राज्य का मुख्यमंत्री घोषित कर दिया।” इसके बाद नीतीश कुमार एक बार फिर से मुख्यमंत्री बने थे।
हालांकि, वह इस गठबंधन में लंबे समय तक नहीं रहे और फिर 2024 में वे एनडीए में शामिल हुए और 2025 का चुनाव उन्होंने इसी गठबंधन के साथ लड़ा है, जिसके नतीजे 14 नवंबर को आ चुके हैं।
न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहार में नई सरकार के गठन की कवायद जारी है और नीतीश कुमार 20 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। जागरण.कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारी चल रही है, जिसमें बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी और अन्य दलों के मंत्री शामिल होंगे।
वायरल दावे को लेकर हमने दैनिक जागरण, पटना के स्थानीय संपादक अश्विनी कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि 2022 में नीतीश कुमार एनडीए से अलग हो गए थे और फिर 2024 में वे एनडीए में शामिल हुए थे।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 30 हजार लोग फॉलो करते हैं। चुनाव से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के चुनाव और पॉलिटिक्स सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: लालू यादव की जमानत के खिलाफ सीबीआई के सुप्रीम कोर्ट जाने के फैसले के खिलाफ नीतीश कुमार के बयान का वीडियो 2023 का है, जब वे महागठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री थी। इसी पुराने वीडियो को हालिया संदर्भ में नीतीश कुमार के फिर से पाला बदलने के फेक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: लालू यादव के खिलाफ CBI की कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते नीतीश कुमार का वीडियो 2023 का है appeared first on Vishvas News.
0 Comments