नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत सरकार सभी नागरिकों को दो हजार रुपये का पुरस्कार दे रही है। पुरस्कार को पाने के लिए दिये गये चक्र पर क्लिक करना होगा। चक्र पर क्लिक करने से पुरस्कार के पैसे आपके खाते में आ जाएंगे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। सरकार की तरफ से इस तरह का कोई पुरस्कार नहीं दिया जा रहा है। फर्जी लिंक को धोखाधड़ी करने के मकसद से शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Hoang’ ने 4 अगस्त 2025 को वायरल लिंक को शेयर किया है। पोस्ट पर लिखा है, “₹3000 का पुरस्कार मिला है, चक्र को क्लिक करें।”
पोस्ट में कहा जा रहा है, “स्वतंत्रता दिवस पर पूरे भारत के लोगों के लिए खुशखबरी ₹2000 चक्र को क्लिक करें। खाते में लेने के लिए क्लिक करें।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हमने भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। हमें वहां भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए सेफ्टी टूल्स की मदद से हमने लिंक पर क्लिक किया। हमारे सामने इंडी5000 डॉट शॉप नाम की एक वेबसाइट खुलकर सामने आ गई। हमने यूआरएल पर गौर करने पर पाया कि यह सरकारी वेबसाइट का लिंक नहीं है। भारत सरकार के यूआरएल में गवर्नमेंट डॉट इन होता है।

स्वतंत्रता दिवस के नाम पर सोशल मीडिया पर पहले भी इस तरह की कई पोस्ट वायरल हो चुकी हैं। विश्वास न्यूज ने उनकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी।
अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट एवं सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि अगर इस तरह से साइबर फ्रॉड से खुद को बचाना है। इसके लिए जरूरी है कि आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सही जानकारी लें। सोशल मीडिया पर मौजूद किसी भी लिंक पर भरोसा ना करें।
अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब सौ लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। सरकार की तरफ से इस तरह का कोई पुरस्कार नहीं दिया जा रहा है। फर्जी लिंक को धोखाधड़ी करने के मकसद से शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: स्वतंत्रता दिवस पर सरकार नहीं दे रही पुरस्कार, चक्र पर क्लिक करने से हो सकता है आर्थिक नुकसान appeared first on Vishvas News.
0 Comments