नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर अक्सर कुछ यूजर्स ज्यादा से ज्यादा व्यूज और लाइक के लिए फर्जी और काल्पनिक वीडियो को सच बताकर शेयर करते रहते हैं। इसी क्रम में अब एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि नोएडा में एक विमान क्रैश हो गया है। वीडियो में एक विमान के पिछले हिस्से में आग लगते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। हमारी जांच में पता चला कि वायरल वीडियो को ग्राफिक्स की मदद से तैयार किया गया है। नोएडा में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है।
क्या हो रहा है वायरल
Lekhraj Kajotiya नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर ने 25 अगस्त को एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, “नोएडा में एरोप्लेन क्रैश हो गया। अभी अभी 12 बजे हुआ। सब बच गए।”
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट के दावे को यहां ज्यों का त्यों लिखा है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। सर्च के जरिए खोजने पर हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके।
जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल लेंस टूल के जरिए वीडियो को खोजा गया। हमें कहीं भी यह वीडियो नहीं मिला। वीडियो को ध्यान से देखने पर हमने दो बातों पर खासतौर से गौर किया। पहला, क्रैश करते हुए विमान का लोगो चेंज होते हुए दिखा। दूसरा, पानी में प्लेन क्रैश होने के बावजूद भी पानी में कोई हलचल नहीं दिखी।
जांच के अगले चरण में हमने हमारे सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया और इसे चेक करने के लिए कहा। डीएयू की टीम ने इस वीडियो का विश्लेषण किया, जिसमें इसके असली नहीं होने की आशंका व्यक्त की गई।
टीम की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि हवाई जहाज पर लगे लोगो पर “मैग्नी” लिखा है और यह मेक्सिको की एक कम लागत वाली एयरलाइन है, जो आमतौर पर अमेरिका और डोमिनिकन तट पर उड़ान भरती है।

जांच रिपोर्ट में आगे वीडियो की विसंगतियों के बारे में बताया गया। इसमें बताया गया कि विमान का लोगो जमीन के करीब आने पर थोड़ा विकृत हो जाता है। नीचे दी गई तस्वीरों में इसे देखा जा सकता है।
टीम की ओर से आगे बताया गया कि विमान पानी में क्रैश होता है तो पानी में किसी भी प्रकार की हलचल देखने को नहीं मिली, जबकि ऐसा होता नहीं है।
इसी तरह जांच में इस बात पर प्रकाश डाला गया कि वीडियो में क्रैश होने वाली जगह पर अमेरिकी झंडा दिख रहा है। जबकि नोएडा में इस झंडे को क्यों लगाया जाएगा। अलग-अलग एआई टूल्स की जांच करने पर यह एआई निर्मित साबित नहीं हुआ।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए वीडियो ग्राफिक एक्सपर्ट अरुण कुमार से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो ग्राफिक्स की मदद से बनाया हुआ लग रहा है।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच करने की। जांच में पता चला कि इंस्टाग्राम यूजर को 47 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह हैंडल जनवरी 2022 में बनाया गया था।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट पूरी तरह बेबुनियाद साबित हुई। नोएडा में कोई विमान हादसा नहीं हुआ है।
The post Fact Check : नोएडा में प्लेन क्रैश के Fake दावे के साथ Viral वीडियो में नहीं है सच्चाई appeared first on Vishvas News.
0 Comments