नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मुंबई इंडियंस (एमआई) के स्पिनर विग्नेश पुथुर ने अपने आईपीएल डेब्यू पर शानदार प्रदर्शन किया। 23 मार्च 2025 को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हुए मैच के दौरान उन्होंने रुतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे के विकेट लिए। अब इस मैच को लेकर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें एक महिला को ख़ुशी में नाचते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि ये महिला विग्नेश पुथुर की माँ हैं और उनके उम्दा प्रदर्शन को टीवी पर देखकर वे ख़ुशी से नाच रहीं हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रही महिला विग्नेश पुथुर की माँ नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर ‘bigbreaking.in’ ने 29 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “Vignesh Puthur’s Mother Dances with Joy as She Sees Her Son’s Performance.(विग्नेश पुथुर की मां अपने बेटे का प्रदर्शन देखकर खुशी से नाच उठी।)।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें Marunadan TV के यूट्यूब चैनल पर विग्नेश पुथुर को लेकर 25 मार्च 2025 की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें पुथुर के माता पिता की तस्वीर थी। रिपोर्ट के अनुसार उनके पिता एक ऑटो ड्राइवर हैं। यहाँ दिख रही विग्नेश पुथुर की माँ की तस्वीर वायरल वीडियो में दिख रही महिला से अलग नजर आ रही हैं।
हमें पुथुर के माता पिता के इंटरव्यू का एक वीडियो वनइंडिया मलयालम के यूट्यूब चैनल पर 24 मार्च 2025 को अपलोड मिला। यहां साफ़ देखा जा सकता है कि पुथुर की माँ के नाक-नक्श और शारीरिक रचना वायरल वीडियो में दिख रही महिला से अलग है।
हमें पुथुर के माता-पिता के इंटरव्यू का एक वीडियो REPORTER LIVE के यूट्यूब चैनल पर भी 24 मार्च 2025 को अपलोड मिला। यहाँ भी देखा जा सकता है कि पुथुर की माँ के नाक-नक्श और शारीरिक रचना वायरल वीडियो में दिख रही महिला से बिल्कुल अलग है।
हमने इस विषय में पुथुर के माता-पिता का इंटरव्यू लेने वाले रिपोर्टर लाइव के सीनियर रिपोर्टर अश्कर अली से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि वीडियो में दिख रही महिला विग्नेश पुथुर की माँ नहीं हैं।
वायरल वीडियो में दिख रही महिला और विग्नेश पुथुर की माँ में अंतर नीचे दिए गए कोलाज में देखा जा सकता है।

हालांकि, विश्वास न्यूज़ वायरल वीडियो में दिख रही महिला कौन है उस बात की पुष्टि नहीं करता, मगर यह बात साफ़ है कि ये महिला विग्नेश पुथुर की माँ नहीं हैं।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि वायरल वीडियो को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर bigbreaking.in के 5000 से अधिक फ़ॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: इस वीडियो में खुशी से नाच रही महिला क्रिकेटर विग्नेश पुथुर की मां नहीं हैं appeared first on Vishvas News.
0 Comments