नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। सोशल मीडिया पर रविवार रात से वृंदावन वाले प्रेमानंद महाराज की मौत की ख़बरें वायरल हो रहीं हैं। यूजर उनकी तस्वीर को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि प्रेमानंद महाराज का निधन हो गया है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। प्रेमानंद महाराज का निधन नहीं हुआ है, यह महज अफवाह है। इस फर्जी खबर का खंडन उनके आश्रम ने भी किया है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, ”दुखद समाचार आज पूज्य गुरुदेव श्री परमानंद जी महाराज ने चोला छोड़ दिया है।प्रभु उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहाँ देखें।
पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने न्यूज़ सर्च किया। सर्च में हमें जागरण की वेबसाइट पर आज ही सुबह 10 बजे की खबर मिली। खबर में दी गई मालूमात के मुताबिक, ”वृंदावनवासी संत प्रेमानंद महाराज के गोलोकवासी होने की अफवाह रविवार देर रात से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगी। खबर उनके अनुयायियों को मिली तो काफी संख्या में वह उनके आश्रम के बाहर एकत्र हो गए। आश्रम प्रबंधन ने प्रेमानंद महाराज के स्वस्थ होने की पुष्टि की, तब अनुयायियों ने राहत की सांस ली।”

फेसबुक पेज ”श्रद्धेय श्री प्रेमानंद जी महाराज” पर दी गई जानकारी के मुताबिक,”इस फर्जी खबर को ‘रामायण’ नाम के एक ग्रुप ने फैलाया था।”

डीएनए की वेबसाइट पर 24 जुलाई को दी खबर में भी बताया गया कि प्रेमानंद जी महाराज की मौत की ख़बरें फर्जी हैं। हालांकि, प्रेमानंद जी की दोनों किडनियां खराब हैं। यही वजह है कि बीच-बीच में उनका स्वास्थ्य खराब हो जाता है। इसकी जानकारी प्रेमानंद महाराज जी सत्संग में अपने भक्तों को भी देते रहते हैं।

विश्वास न्यूज ने पुष्टि के लिए दैनिक जागरण के मथुरा स्थित ब्यूरो के रिपोर्टर विनीत मिश्रा से संपर्क किया और उन्होंने भी पुष्टि करते हुए बताया कि यह खबर फर्जी है, प्रेमानंद महाराज बिल्कुल ठीक हैं।
फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग में हमने पाया कि यूजर को 3.8 हजार लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: वृंदावन वाले प्रेमानंद महाराज का नहीं हुआ निधन, दावा फर्जी है appeared first on Vishvas News.
0 Comments