What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : 2019 में रोमानिया में आए तूफान के वीडियो को भ्रामक दावों के साथ किया जा रहा वायरल 

विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। सोशल मीडिया पर बारिश और तूफान के एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि रोमानिया में पत्थर की बारिश हुई है। यह वही बारिश है, जिसका जिक्र कथित तौर पर कुरान शरीफ में किया गया है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो साल 2019 में रोमानिया के सलज शहर (Salaj)  में आए तूफान का है, जिसे अब भ्रामक दावों के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

ट्विटर यूजर ‘जहीरमिया बागवान@20K’ (Jahirmiya Bagwan@20K) ने 18 जुलाई 2023 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “कुरान शरीफ मे जिस पत्थर की बारिश का जिक्र है वो रोमानिया मे हुई अब वैज्ञानिक भी मानने लगे है की कुरान आसमानी किताब है बेशक।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। इस दौरान हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट रोमानियाई न्यूज वेबसाइट स्टीराइल प्रोटीवी (Stirile protv) पर मिली। रिपोर्ट को 28 मई 2019 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो रोमानिया के सलज (Salaj) शहर में आए बवंडर का है। 

अन्य रिपोर्ट को यहां पर पढ़ें।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें यह वीडियो 29 मई 2019 को एक रोमानियाई यूट्यूब चैनल  Dej24 Știri din Dej पर अपलोड हुआ मिला। यहां पर भी वीडियो को लेकर यही जानकारी दी गई है।

हमें कई फेसबुक पेज पर भी यह वीडियो साल 2019 में  रोमानिया के सलज (Salaj) शहर में आए बवंडर का बताते हुए शेयर हुआ मिला  है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने रोमानिया के फैक्ट चेकर वसीलेना डॉटकोवा (Vassilena Dotkova) से संपर्क किया। उन्होंने दावे का खंडन करते हुए बताया, यह वीडियो साल 2019 का है। हाल-फिलहाल में यहां के मौसम में इस तरह का कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि करीब 20 हजार लोग यूजर को फॉलो करते हैं। प्रोफाइल पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यूजर पुणे का रहने वाला है। दिसंबर 2019 से यूजर ट्विटर पर सक्रिय है।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बारिश और तूफान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो साल 2019 में रोमानिया के सलज शहर (Salaj) में आए तूफान का है, जिसे अब भ्रामक दावों के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

The post Fact Check : 2019 में रोमानिया में आए तूफान के वीडियो को भ्रामक दावों के साथ किया जा रहा वायरल  appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments