नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जालंधर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए वोटिंग हो चुकी है। लेकिन चुनाव से जुड़ी फेक पोस्ट लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वो कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को हालिया पंजाब उपचुनाव से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि पंजाब के उपचुनाव में केजरीवाल ने लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की थी।
विश्वास न्यूज ने जब पोस्ट की जांच की तो पाया कि वीडियो को एडिट कर संदर्भ से हटाकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। असली वीडियो को एडिट कर सिर्फ एक विशेष भाग को वायरल किया जा रहा है। असली वीडियो 2017 का है, जब पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान केजरीवाल ने वीडियो में कहा था कि अकाली दल और बीजेपी मिलकर कांग्रेस के लिए वोट मांग रहे हैं, क्योंकि ये सभी दल मिले हुए हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
ट्विटर यूजर शिवम कुमार ने 9 मई 2023 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। यूजर ने कैप्शन में लिखा है, “आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विपक्षी एकता की मिसाल कायम करी, खुद की सरकार और मुख्यमंत्री होने के बावजूद जालंधर लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी को वोट देने की अपील करी!” #Jalandharbypoll
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। इस दौरान हमें असली वीडियो 30 जनवरी 2017 को अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक फेसबुक पेज पर शेयर हुआ मिला।
वीडियो 1 मिनट 50 सेकंड का था, जिसमें केजरीवाल को कहते सुना जा सकता है, “सत श्री अकाल जी, सबको नमस्कार, सबको मेरा प्रणाम। ये दो दिन से खबरें आ रहीं हैं कि आरएसएस और अकाली के लोगों ने घर-घर जाकर प्रचार करना शुरू कर दिया है। इस चुनाव में अकाली दल को वोट मत देना। चुनाव में बीजेपी को वोट मत देना। सारे मिलके कांग्रेस को वोट देना। चारों तरफ से ये खबर आ रही है कि आरएसएस और अकाली वाले बड़ी संख्या में अपने वोट कांग्रेस की तरफ शिफ्ट कर रहे हैं। अब यह साफ हो गया है कि ये सभी एक जैसे हैं। इन सबका एक ही इरादा है, ये नहीं चाहते कि आम आदमी पार्टी जीते, क्योंकि उन्हें पता है कि अगर आम आदमी पार्टी सत्ता में आई तो सारी फाइलें खुल जाएंगी। ये जेल में होंगे और सारे भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होगा।”

पड़ताल के दौरान हमें अरविंद केजरीवाल का एक अन्य वीडियो 2 फरवरी, 2017 को उनके आधिकारिक फेसबुक पर मिला। वीडियो में वो स्पष्ट करते हुए नजर आ रहे हैं कि उन्होंने कभी किसी से कांग्रेस को वोट देने की अपील नहीं की है। उनके वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर शेयर किया जा रहा है।
अधिक जानकारी के लिए हमने आम आदमी पार्टी के मीडिया कोऑर्डिनेटर वेद कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। उन्होंने कहा, “यह वीडियो काफी पुराना है और एडिटेड है। लोग उनके असली वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर शेयर कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को वोट देने के लिए नहीं कहा है।”
जांच के अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के पेज को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 101 लोग फॉलो करते हैं। यूजर जनवरी 2023 से सोशल मीडिया पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जब पोस्ट की जांच की, तो पाया कि सीएम केजरीवाल के वीडियो को एडिट कर संदर्भ से हटाकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। असली वीडियो को एडिट कर सिर्फ एक विशेष भाग को वायरल किया जा रहा है। असली वीडियो 2017 का है।
The post Fact Check : जालंधर उपचुनाव में केजरीवाल ने कांग्रेस को वोट देने की नहीं की अपील, वायरल वीडियो एडिटेड appeared first on Vishvas News.
0 Comments