नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मुंबई इंडियन के मेंटर सचिन तेंदुलकर की एक तस्वीर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में धोनी को सचिन तेंदुलकर के पैर छूते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस तस्वीर को सच मानते हुए वायरल कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत साबित हुआ। वायरल तस्वीर एडिटेड है। असली तस्वीर 8 अप्रैल 2023 के वानखेड़े स्टेडियम की है , जहां टॉस से पहले मैदान पर सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी आपस में बात करते हुए दिखे थे। उसी तस्वीर को अब एडिट कर वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘रामचन्द्र आर्य‘ ने 11 मई को वायरल तस्वीर को शेयर किया है। यूजर ने तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है,”संस्कार का प्रवाह चेन्नई और मुंबई के बीच आईपीएल मैच के दौरान मुंबई के मेंटर सचिन तेंदुलकर जब मैदान पर आए तो चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आगे बढ़कर उनके पाँव छू लिए। पैसे के मामले में अरबपति हैं। सब कुछ होने के बाद भी विनम्रता और शालीनता आपको कितना ऊपर ले जाती है। दूसरी ओर ऐसे भी लोग हैं जो थोड़ा पद और पैसा हुआ नहीं कि गुब्बारे की तरफ फूल जाते हैं। साभार।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।
पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। इस दौरान हमें वायरल तस्वीर कई न्यूज वेबसाइट पर मिली। ‘स्पोर्ट्सकीड़ा डॉट कॉम’ की वेबसाइट पर 8 अप्रैल 2023 को प्रकाशित खबर में वायरल तस्वीर से मिलती-जुलती तस्वीर मिली। खबर में दी गई जानकारी के मुताबिक,”आईपीएल 2023 के 12वें मुकाबले में (8 अप्रैल) दो सबसे सफल टीमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम पर आमने-सामने हैं। सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मुकाबले से पहले मैदान पर फैंस को एक शानदार नजारा देखने को मिला। जब क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले ‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर और सीएसके के कप्तान एमएस धोनी एक साथ नजर आए। इस दौरान दोनों काफी देर तक एक-दूसरे से बात करते हुए दिखे।”

‘इनसाइड स्पोर्ट’ की वेबसाइट पर भी वायरल तस्वीर से जुड़ी कई तसवीरें मिली, लेकिन सचिन तेंदुलकर के पैर छूते धोनी की एक भी तस्वीर नहीं मिली। 9 अप्रैल 2023 को प्रकाशित खबर में इन तस्वीरों को देखा जा सकता है। तस्वीर में धोनी सचिन तेंदुलकर के पैर नहीं छु रहे हैं,बल्कि तेंदुलकर के पास खड़े थे। वायरल तस्वीर मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 8 अप्रैल को होने वाले मुकाबले से पहले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में लिया गया था।
चेन्नई सुपर किंग्स ने भी अपने वेरिफाइड ट्विटर हैंडल से 8 अप्रैल 2023 को वायरल तस्वीर को शेयर किया था।
अन्य कई खबरों में वायरल तस्वीर को देखा जा सकता है। अब हमने वायरल दावे से जुड़ी खबर को सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। पर सर्च के दौरान हमें सिंगर अरिजीत सिंह से जुड़ी एक खबर मिली। 1 अप्रैल 2023 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”गायक अरिजीत सिंह ने आईपीएल 2023 की ओपनिंग सेरेमनी में लाइव परफॉर्म करने के बाद महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के पैर छू लिए थे।”
इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से बात की। उनका कहना है,“वायरल दावा गलत है। ऐसा कुछ नहीं हुआ है।“

पड़ताल के अंत में पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर रामचन्द्र आर्य की जांच की। जांच में पता चला कि फेसबुक पर यूजर के 17 हजार चार सौ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। यूजर पटना का रहने वाला है।
The post Fact Check : सचिन तेंदुलकर के पैर छूते धोनी की एडिटेड तस्वीर हो रही है वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments