नई दिल्ली (विश्वास न्यूज): सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट में दावा किया गया है कि रतन टाटा के जन्मदिन के मौके पर टाटा कंपनी ने सभी भारतीय यूजर को 239 रुपए का 28 दिन वाला रिचार्ज फ्री में देने का वादा किया है। पोस्ट के साथ एक लिंक भी शेयर किया गया है। विश्वास न्यूज ने जांच की और पाया कि वायरल पोस्ट एक घोटाला है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
क्या है वायरल पोस्ट में
फेसबुक यूजर “Swarnarekha Prusty ” ने 11 दिसंबर को पोस्ट शेयर की है और लिखा है ,”*TATA BIRTHDAY* ऑफर *टाटा कंपनी* अपने *रतन टाटा* के जन्मदिन पर दे रहा है सभी भारतीय यूजर को *₹239* का 28 दिन वाला रिचार्ज फ्री में देने का वादा किया है तो अभी नीचे नीले रंग की लिंक पर क्लिक करके अपने नंबर पर रिचार्ज करे। https://mahacashback.com/“
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे मिलते-जुलते दावों के साथ शेयर कर रहे हैं।
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले कीवर्ड्स से ढूंढा कि क्या टाटा कंपनी ऐसा कोई ऑफर दे रही है। हमें उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर ऐसी किसी ऑफर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। हमने आगे न्यूज़ सर्च किया। हमें किसी खबर में भी टाटा कंपनी द्वारा ऐसे किसी ऑफर के बारे में कोई खबर नहीं मिली।
हमने आगे टाटा कंपनी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स को खंगाला। यहां भी हमें ऐसी कोई पोस्ट शेयर की हुई नहीं मिली।
इसके बाद हमने वायरल पोस्ट में दिए गए लिंक को चेक किया। लिंक पर क्लिक करने पर आपका फ़ोन नंबर भरने को कहा जाएगा और उसके बाद रिचार्ज ऑफर प्राप्त करने के लिए इसे आगे 5 वॉट्सऐप ग्रुप या 10 लोगों के साथ शेयर करने को कहा जा रहा है।

पहले भी ऐसे कई पोस्ट वायरल हो चुके हैं,जिनकी जांच समय-समय पर विश्वास न्यूज़ द्वारा की गई है। इस तरह के लिंक्स धोखाधड़ी करने और आपकी निजी जानकारी जैसे- फ़ोन नंबर,ईमेल आईडी और अन्य जानकारी इकट्ठा करने के लिए बनाए जाते हैं। हम अपने यूजर को बताना चाहते हैं कि वो इस तरह के किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
अधिक जानकारी के लिए हमने इंडियन साइबर आर्मी के अध्यक्ष और भारतीय पुलिस के साइबर अपराध सलाहकार किसलय चौधरी से संपर्क किया। उनके साथ वायरल लिंक को शेयर किया। उन्होंने कहा,वायरल दावा फर्जी है और इसे लेकर केस भी रजिस्टर है दिल्ली पुलिस में। ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक ना करें।
पड़ताल के अंत में हमने इस लिंक को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि यूजर ओडिशा के बाराचना का रहने वाला है। फेसबुक पर यूजर के 271 मित्र हैं।
The post Fact Check: रतन टाटा के जन्मदिन पर टाटा कंपनी नहीं दे रही है मुफ्त रिचार्ज का ऑफर, लिंक पर क्लिक ना करें appeared first on Vishvas News.
0 Comments