नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आग बुझाते कर्मियों और ‘घायलों’ को एंबुलेंस में ले जाते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स ‘गोरखपुर हैशटैग’ के साथ वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि नौका विहार में मिसाइल गिरने के बाद चारों तरफ ब्लैकआउट हो गया है और हवाई सायरन की आवाज सुनाई दे रही है।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि यह फर्जी है। दरअसल, वायरल वीडियो गोरखपुर में हवाई हमले से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए हुई मॉक ड्रिल का है। इसके जरिए नागरिक सुरक्षा विभाग ने लोगों को जागरूक किया। गोरखपुर में मिसाइल गिरने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘gkp_shorts’ ने 22 नवंबर 2026 को वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया। उस पर लिखा है, “नौका विहार पर गिरा 12 इंच का मिसाइल चारों तरफ़ ब्लैकआउट और हवाई सायरन की आवाज़।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल सर्च किया। हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली। हां, ‘News18 UP Uttarakhand’ के यूट्यूब चैनल पर 22 नवंबर 2026 को वीडियो न्यूज अपलोड की गई थी, जिसके अनुसार, शाम को यूपी के सभी 75 जिलों में हवाई हमले की आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन होगा। इसके साथ ही हवाई हमले का सायरन बजेगा और ब्लैकआउट हो जाएगा।
इसके बाद हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। ‘दैनिक भास्कर’ की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर छपी है। 23 नवंबर 2026 को छपी खबर के अनुसार, “गोरखपुर के दिग्विजय पार्क में 22 नवंबर की शाम को युद्ध जैसे हालात का अभ्यास किया गया। इस दौरान हवाई हमले, बम धमाकों और आग लगने का सेट तैयार किया गया। मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमें मौजूद रहीं।” खबर में अपलोड किए गए वीडियो में वायरल क्लिप के कुछ हिस्सों को देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो और न्यूज वीडियो में एंबुलेस में लेटे ‘घायल’ व्यक्ति को देखा जा सकता है। ये दृश्य समान हैं, जिसे कोलाज में देखा जा सकता है।

‘यूपी तक’ के यूट्यूब चैनल पर भी 23 नवंबर 2026 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज को देखा जा सकता है। इसके मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 22 नवंबर 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “गोरखपुर में नागरिक सुरक्षा विभाग ने हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया था।”
इस बारे में हमने गोरखपुर में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर प्रदीप श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यहां सिविल डिफेंस ने मॉक ड्रिल का आयोजन किया था। उस दौरान ब्लैकआउट हुआ था। यह वीडियो मॉक ड्रिल का है।
क्या है संदर्भ?
देश के कई हिस्सों में समय-समय पर आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाता है। सोशल मीडिया यूजर्स इनके वीडियो को सनसनीखेज बनाने के लिए कभी इन्हें आतंकी हमले तो कभी अन्य घटना का बताकर शेयर कर देते हैं, जिससे अफवाह फैलती है। विश्वास न्यूज ऐसी कई पोस्ट की सच्चाई सामने ला चुका है।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। जनवरी 2023 को बने इस अकाउंट की लोकेशन गोरखपुर दी गई है। इस यूजर के 19 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: यूपी के गोरखपुर में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। उस दौरान ब्लैकआउट भी हुआ था। मॉक ड्रिल के इस वीडियो को हवाई हमले का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
The post Fact Check: गोरखपुर में हुई मॉक ड्रिल का वीडियो मिसाइल हमले का बताकर किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments