नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय चुनाव आयोग अपनी कार्यशैली और आयुक्तों में अंदरूनी मतभेदों को लेकर इन दिनों विवादों के घेरे में है। आयोग पर ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) प्रक्रिया को ठीक से लागू न करने के भी आरोप लग रहे हैं। इसी मुद्दे पर मुंबई में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में 2 अक्टूबर 2026 को ‘जेल भरो आंदोलन’ किया गया था। अब इसी प्रदर्शन से जोड़कर दीपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिजीत दीपके लोगों के बीच मौजूद हैं। तभी कुछ लोग दीपके पर हमला कर देते हैं और उन्हें थप्पड़ मारने लगते हैं। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि 2 अक्टूबर को मुंबई में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान दीपके को थप्पड़ मारा गया था।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो जून 2026 में जयपुर में हुई एक घटना का है। दरअसल, 15 जून 2026 को नीट पेपर लीक मामले में प्रदर्शन के लिए दीपके जयपुर पहुंचे थे। उस दौरान जब वह अपने समर्थकों के बीच में थे, तब एक शख्स ने उन्हें थप्पड़ मारा था। हालांकि, आरोपी शख्स को तुरंत हिरासत में ले लिया गया था।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sanjeev Chaudhary’ ने 3 अक्टूबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, हम दे के रहेंगे आजादी ..मुंबई ही नहीं हर शुभ अवसर है जब ये आजादी मांगने आए हर आंदोलन के शुभ मुहूर्त में कॉकरोच दीपके को… दे थप्पड़.. दे थप्पड़.. दे थप्पड़।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 15 जून 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “अभिजीत दीपके जयपुर के शहीद स्मारक पर नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में से दो युवक निकले और उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर को थप्पड़ मारे।”

‘एनडीटीवी’ की वेबसाइट पर 15 जून 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, दीपके पर हुए हमले के बाद पुलिस 5-6 लोगों को हिरासत में लेकर विधायकपुरी थाने ले गई थी। पुलिस ने पकड़े गए युवकों से पूछताछ भी की थी। थप्पड़ मारने वाले एक युवक का कहना था, “मैं राष्ट्रवादी हूं, ये जिहादी मानसिकता के लोग हैं। पेपर लीक तो सिर्फ इनका एक बहाना है।”

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण, जयपुर के संवाददाता नरेंद्र शर्मा संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि अभिजीत दीपके का वायरल हो रहा वीडियो पुराना है और जयपुर में हुए नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान का है। जून 2026 में अभिजीत दीपके यहां प्रदर्शन करने आए थे। उस दौरान कुछ युवकों ने दीपके पर हमला कर दिया था।
क्या है संदर्भ?
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ ने 25 सितंबर 2026 को एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इस रिपोर्ट में ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) समेत कई मुद्दों पर चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद होने का दावा किया गया था। इस रिपोर्ट के प्रकाशित होने के बाद 27 सितंबर 2026 को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने एक बैठक की थी। इसके बाद आयोग ने कहा कि एसआईआर से जुड़े सभी बड़े फैसले चुनाव आयुक्तों ने सर्वसम्मति से लिए थे।
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन का ऐलान किया था। उन्होंने गांधी जयंती, 2 अक्टूबर 2026 के दिन मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन से पहले दीपके ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए वह यह आंदोलन कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से एसआईआर में गड़बड़ियों की बात स्वीकारने और अपने पद से इस्तीफा देने की मांग भी की थी।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने अपनी तीन डिमांड रखी थीं। पहली- ज्ञानेश कुमार पर क्रिमिनल चार्ज लगना चाहिए और उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए। दूसरी- एसआईआर की प्रक्रिया को रोका जाना चाहिए और 2025 के इलेक्टोरल लिस्ट (मतदाता सूची) के आधार पर सभी चुनाव होने चाहिए। तीसरी- चुनाव आयुक्त की चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने दीपके के एक पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यह यूजर 17 जुलाई 2011 से फेसबुक पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने का वीडियो जून 2026 का है। उस दौरान वह नीट पेपर लीक मामले के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए जयपुर पहुंचे थे।
The post Fact Check: अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने का वीडियो पुराना, मुंबई में CEC के खिलाफ हुए प्रदर्शन से संबंधित नहीं appeared first on Vishvas News.
0 Comments