नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश की राजधानी दिल्ली में लगातार हुई बारिश के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआईए) पर पानी भर गया था। इसी से जोड़कर एयरपोर्ट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक प्लेन को पानी के बीच से गुजरते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह हाल ही में हुई बारिश के बाद दिल्ली एयरपोर्ट के हालात हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो करीब दो साल पुराना है और दुबई का है। सोशल मीडिया पर यह दावा पहले भी वायरल हो चुका है, जिसकी पड़ताल कर विश्वास न्यूज ने सच्चाई सामने रखी है। दरअसल, दुबई के पुराने वीडियो को अब दिल्ली एयरपोर्ट के नाम पर वायरल किया जा रहा है। हालांकि, बारिश के कारण दिल्ली एयरपोर्ट के अप्रोच रोड और फोरकोर्ट एरिया में पानी जमा हो गया था। खराब मौसम का असर फ्लाइट ऑपरेशन पर भी पड़ा था, जिससे कुछ उड़ानों में देरी हुई और कुछ को डायवर्ट करना पड़ा था।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘RJ Media Group’ ने 6 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “दिल्ली एयरपोर्ट -पूरा एयरपोर्ट ही डूब गया। एक बारिश में ये हाल है।छोटी सी समस्या थी जल निकासी और कर्मचारियों की लापरवाही -जनता जागरूक है -अब लापरवाही की सजा तय होगी -“ड्रेनेज सिस्टम टेक्नोलॉजी इस मस्ट डेवलप्ड।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
इससे पहले जब हमने वायरल वीडियो की पड़ताल की थी, उस दौरान हमें ‘कोलिन रग’ नाम के एक एक्स हैंडल पर यह मिला था। इस वीडियो को 16 अप्रैल 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो दुबई एयरपोर्ट का है।
पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट ‘द नेशनल न्यूज’ के वेरिफाइड एक्स हैंडल पर मिली। पोस्ट को 16 अप्रैल 2024 को अपलोड किया गया था। कैप्शन के अनुसार, वायरल वीडियो दुबई एयरपोर्ट पर बारिश के बाद बने हालातों का है।
यह वीडियो जब पहले वायरल हुआ था। उस दौरान हमने अधिक जानकारी के लिए दैनिक जागरण में दिल्ली एयरपोर्ट को कवर करने वाले सीनियर संवाददता मनीष मिश्रा से संपर्क किया था। उन्होंने बताया था कि यह वीडियो दिल्ली के एयरपोर्ट का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
दिल्ली एयरपोर्ट ने बारिश के कारण हुए जलभरा को लेकर अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से 4 सितंबर 2026 को एक पोस्ट की थी। उन्होंने पोस्ट में लिखा था, “आज दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट पर भारी बारिश के कारण अप्रोच रोड और फोरकोर्ट वाले इलाकों में पानी जमा हो गया। जमा हुए पानी को कुछ ही देर में हटा दिया गया था। खराब मौसम का असर उड़ानों के संचालन पर भी पड़ा, जिससे कुछ उड़ानें देर से चलीं और कुछ को दूसरी जगह भेजना पड़ा। हमारी ऑन-ग्राउंड टीमें सभी संबंधित लोगों के साथ मिलकर यात्रियों को बिना किसी परेशानी के और बेहतर अनुभव देने के लिए पूरी लगन से काम कर रही हैं।”
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण जगह-जगह पर जलभराव की समस्या देखने को मिली थी। यहां तक कि दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया था, जिसकी वजह से यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। बारिश के कारण 400 से अधिक फ्लाइट्स में देरी हुई थी, तो वहीं करीब नौ उड़ानें दूसरी जगह भेजनी पड़ी थीं। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 300 से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर अक्टूबर 2018 से एक्स पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर जलभराव के दावे के नाम पर वायरल वीडियो असल में दुबई का है। दुबई एयरपोर्ट के दो साल पुराने वीडियो को दिल्ली का बताकर वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check : एयरपोर्ट पर जलभराव का वीडियो दिल्ली का नहीं, दुबई का है appeared first on Vishvas News.
0 Comments