नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी 2026 से जंग जारी है। इसी क्रम में अब एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि कतर के गैस प्लांट पर ईरान ने हमला कर दिया है। इस वीडियो को इसी हमले का बताकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वीडियो में एक बिल्डिंग में भयानक तरीके से आग लगी हुई देखी जा सकती है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। वायरल वीडियो का युद्ध से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो नवंबर 2025 में दक्षिण कोरिया के एक लॉजिस्टिक्स केंद्र में लगी आग से जुड़ा हुआ है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘समाचार फॉर यू’ ने 25 मार्च 2026 को एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया, “कतर के गैस प्लांट पर ईरान का हमला।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई ग्रैब्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें सीएनए नाम के फेसबुक पेज पर 17 नवंबर 2025 को अपलोड हुए वीडियो में वायरल वीडियो मिला। इसके साथ खबर में बताया गया कि 15 नवंबर 2025 को दक्षिण कोरिया के दक्षिण चुंगचेओंग प्रांत के चेओनान में स्थित सबसे बड़े फैशन लॉजिस्टिक्स केंद्रों में से एक में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों कपड़े जलकर राख हो गए। आग लगने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ, क्योंकि आग श्रमिकों के पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही लग गई थी।

सर्च के दौरान हमें दक्षिण कोरिया की न्यूज वेबसाइट न्यूजपैच पर एक खबर मिली। 15 नवंबर 2025 की इस रिपोर्ट में भी आग की घटना को विस्तार से बताया गया। खबर में बताया गया कि कपड़ों और जूतों से भरे ई-लैंड लॉजिस्टिक्स गोदाम में लगी आग पर लगभग नौ घंटे बाद काबू पा लिया गया और कोई हताहत नहीं हुआ। गूगल ट्रांसलेट टूल की मदद से हमने कोरिया भाषा को अंग्रेजी में अनुवाद किया।

सर्च के दौरान वायरल वीडियो हमें Straits Times के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। यहां भी इसे 17 नवंबर 2025 को साउथ कोरिया में लगी आग का ही बताया गया।
गौरतलब है कि 18 मार्च को ईरान ने कतर के गैस प्लांट पर मिसाइल से हमला किया था। बीबीसी हिंदी की 19 मार्च 2026 की खबर में बताया गया, “ईरान के साउथ पार्स पर इसराइली हमले के बाद ईरान ने क़तर के रास लाफ़ान औद्योगिक क्षेत्र पर हमला किया जिसमें क़तर को काफ़ी नुकसान पहुंचा है। क़तर की सरकारी पेट्रोलियम कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा कि बुधवार के मिसाइल हमले से उसके मुख्य गैस प्लांट में आग लग गई, जिससे भारी नुकसान हुआ।”
अल जजीरा अंग्रेजी के यूट्यूब चैनल की 19 मार्च 2026 की एक रिपोर्ट में बताया गया कि ईरान ने कतर पर पांच मिसाइलें दागीं। कतर के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की कि उसकी सेनाओं ने चार मिसाइलों को रोका, लेकिन एक मिसाइल रास लाफान औद्योगिक शहर में जा गिरी, जहां दुनिया की सबसे बड़ी एलएनजी उत्पादन सुविधा स्थित है, जिससे आग लग गई। परिसर में व्यापक क्षति की पुष्टि की गई। हालांकि, सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण में अंतरराष्ट्रीय मामलों को कवर करने वाले वरिष्ठ संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो कतर पर हुए हमले का नहीं है।
इस जंग के दरम्यान सोशल मीडिया पर कई प्रकार के फर्जी व भ्रामक वीडियो और तस्वीरें वायरल करके झूठ फैलाने की भी कोशिश की गई। विश्वास न्यूज ने मध्य पूर्व युद्ध से संबंधित कई गलत सूचनाओं की जांच की है। उन फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां क्लिक करके पढ़ा जा सकता है।
पड़ताल के अंतिम चरण में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि ‘समाचार फॉर यू’ नाम के इस इंस्टाग्राम पेज को 11 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट मई 2025 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: दक्षिण कोरिया के चेओनान में पिछले साल एक फैशन लॉजिस्टिक्स सेंटर में लगी आग के वीडियो को अब कतर के गैस प्लांट पर हमले का बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: दक्षिण कोरिया में हुई दुर्घटना का पुराना वीडियो कतर के गैस प्लांट पर हमले के दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments