नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच 28 फरवरी 2026 से जारी युद्ध के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें इमारतों पर हमले के बाद आग का गुबार देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह इजरायल के तेल अवीव शहर पर ईरान के हमले के बाद का है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो अगस्त 2025 में यमन पर इजरायल के हमले का है। इसका हालिया जंग से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘iran_.news24’ ने 27 मार्च 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “ईरान ने इजराइल के सबसे बड़े शहर तेल अवीव को बनाया जहनुम- वॉर में अब तक 2 लाख लोगो की जान जाने की आशंखा।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। फेसबुक यूजर ‘Mhmdmhywbalshrby5‘ ने वायरल वीडियो को 24 अगस्त 2025 को पोस्ट किया था। इसके साथ गैर-हिंदी भाषा में कुछ लिखा है, जिसे हमने गूगल ट्रांसलेट से अनुवाद किया। इसमें लिखा है, “अर्जेंट: यमन की राजधानी सना पर इजरायल भारी बमबारी कर रहा है!”

इंस्टाग्राम यूजर ‘ae5ce’ ने भी 24 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को सना का बताते हुए पोस्ट किया था।

‘इजिप्ट टुडे’ की वेबसाइट पर 24 अगस्त 2025 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “इजरायल ने यमन पर तीन एयरस्ट्राइक किए, जिनमें सना में एक ऑयल कंपनी के स्टेशन, एक पॉवर स्टेशन और प्रेसिडेंशियल पैलेस को टारगेट किया गया। अल-मसीरा के हूथी चैनल ने बताया कि सना में ऑयल कंपनी स्टेशन पर इजरायली हमले की वजह से दो लोग मारे गए और 5 घायल हो गए, यह शुरुआती आंकड़ा है। इजरायली मीडिया ने बताया कि यमन पर हमले में 10 से ज्यादा इजरायली फाइटर जेट शामिल थे, जिन्होंने 35 से ज्यादा मिसाइल और गोले दागे। इजरायल ने घोषणा की कि ये हमले इजरायल पर हूथियों के हमलों के जवाब में किए गए। हालांकि, हूथी के मालिकाना हक वाले अल-मसीरा चैनल ने एक हूथी मिलिट्री सोर्स के हवाले से कहा कि एयर डिफेंस ने ज्यादातर इजरायली एयरक्राफ्ट को बेअसर कर दिया और उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।”

वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट और ‘इजिप्ट टुडे’ की रिपोर्ट में छपी तस्वीर में एक जैसी इमारतें व एक मीनार देखी जा सकती हैं।

‘न्यू यॉर्क पोस्ट’ के एक्स हैंडल पर भी इस हमले का दूसरा वीडियो एक अन्य एंगल से 25 अगस्त 2025 को अपलोड किया गया था।

इस बारे में इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर का कहना है कि यह वीडियो इजरायल का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
24 मार्च 2026 को ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट के अनुसार, “ईरान द्वारा किए गए एक बैलिस्टिक मिसाइल हमले में सुबह तेल अवीव में चार लोग घायल हो गए और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा। तेल अवीव पर हमला ईरान द्वारा इजरायल पर किए गए कई हमलों में से एक था, जिसमें उत्तरी, दक्षिणी और मध्य इजरायल को निशाना बनाया गया था। इससे लाखों लोग बार-बार बम आश्रयों में भागने को मजबूर हुए।”

‘रॉयटर्स’ की वेबसाइट पर 27 मार्च 2026 की अपडेट के अनुसार, “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की समय सीमा को ईरान के लिए एक बार फिर बढ़ाएंगे, अन्यथा उसे अपने ऊर्जा संयंत्रों के विनाश का सामना करना पड़ेगा। यह बात उन्होंने तब कही, जब तेहरान ने इससे पहले लड़ाई खत्म करने के लिए अमेरिका के 15-सूत्रीय प्रस्ताव को ‘अनुचित’ बताते हुए खारिज कर दिया था। चार हफ्तों से चल रहा यह युद्ध पूरे मिडिल ईस्ट में फैल गया है, जिसमें हजारों लोगों की जान जा चुकी है और ऊर्जा की बढ़ती कीमतों के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे दुनिया भर में महंगाई बढ़ने का डर और बढ़ गया है।”
पश्चिम एशिया में चल रही जंग से संबंधित फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर ‘iran_.news24’ ने डिजिटली-क्रिएटेड वीडियो के साथ अन्य फेक पोस्ट (आर्काइव लिंक) भी शेयर की हैं।

एक खास विचारधारा से प्रभावित इस यूजर का अकाउंट भारत का है और यह मार्च 2026 में ही बना है मतलब युद्ध शुरू होने के बाद। इसके 88 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। इसके बायो में एक टेलीग्राम चैनल का लिंक भी दिया गया है।

निष्कर्ष: इजरायल के तेल अवीव पर ईरान के हमले के दावे से यमन पर इजरायली हमले का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इसका हालिया जंग से कोई संबंध नहीं है।
The post Fact Check: यमन पर इजरायल के हमले का पुराना वीडियो तेल अवीव पर ईरान के हमले के दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments