नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। धुरंधर ‘द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई, जिसके बाद बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई कर रही है। सोशल मीडिया पर इसकी काफी ज्यादा चर्चा है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें कहीं जाते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वे ‘धुरंधर 2’ देखने के लिए पहुंचे थे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि तीन साल पुराना है। सीएम योगी तब मुंबई के दौरे पर गए थे और उन्होंने वहां तत्कालीन राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और अन्य लोगों से मुलाकात की थी।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Nil Hindu’ ने 23 मार्च 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “धुरंधर 2 का स्पेशल शो देखने खुद ही असली धुरंधर महंत योगी आदित्यनाथ जी महाराज पहुंच गये, पहले तो वैसे ही इनकी जली हुई थी, महाराज ने उसमें और धी दाल दिया।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘Devendra Fadnavis’ (महाराष्ट्र के वर्तमान मुख्यमंत्री) के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 7 जनवरी 2023 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो सीएम योगी के मुंबई दौरे का है। वीडियो में वायरल वीडियो वाले हूबहू लोगों को भी देखा जा सकता है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी पोस्ट न्यूज एजेंसी एएनआई के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। पोस्ट को 4 जनवरी 2023 को शेयर किया गया था। अंग्रेजी कैप्शन में दी गई जानकारी के अनुसार, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मुंबई के राजभवन में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। सीएम शिंदे, उप मुख्यमंत्री फड़नवीस, यूपी के पूर्व राज्यपाल राम नाइक और गोरखपुर के सांसद रवि किशन मौजूद रहे।”
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 4 जनवरी 2023 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुंबई के राजभवन में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाइक और गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे थे। इस दौरान उन्होंने रोड शो भी किया था और कई फिल्मी कलाकारों से मुलाकात भी की थी।”

अधिक जानकारी के लिए हमने यूपी बीजेपी प्रवक्ता अवनीश त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे को गलत बताया और कहा कि यह काफी पुराना वीडियो है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सीएम योगी के ‘धुरंधर-2’ फिल्म देखने जाने के दावे से वायरल वीडियो पुराना है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि तीन साल पुराना है। सीएम योगी तब मुंबई दौरे पर गए थे और उन्होंने वहां तत्कालीन राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और अन्य लोगों से मुलाकात की थी।
The post Fact Check: ‘धुरंधर-2’ देखने नहीं पहुंचे सीएम योगी, वायरल वीडियो तीन साल पुराना appeared first on Vishvas News.
0 Comments