नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तमकीन खान की एक तस्वीर वायरल की जा रही है। वायरल तस्वीर में उन्हें भगवा रंग की साड़ी और मांग में सिन्दूर और हाथों में माला के साथ देखा जा सकता है। तस्वीर को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि इन्फ्लुएंसर तमकीन खान ने इस्लाम धर्म को छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। तमकीन खान की वायरल हो रही यह तस्वीर राम नवमी की शुभकामनाओं के दौरान की है। इस तस्वीर को धर्म परिवर्तन के फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर Ankit Bhardwaj ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “इनका नाम तमकीन खान है। तमकीन का जन्म एक कट्टर मुस्लिम घर में हुआ था जहाँ सभी इस्लामिक रीति रिवाजों को बेहद संजीदगी से फॉलो किया जाता था तमकीन भी बाकी मुसलमानों की तरह मदरसा में पढ़ती थी लेकिन पढ़ाई में अच्छा होने की वजह से इनके पिता ने इन्हे अच्छे स्कूल से पढ़ाया.. खबर है कि तमकीन किताबें पढ़ने की शौक़ीन थीं और उन्होंने जब इसी क्रम में रामायण पढ़ी और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम को जब इन्होंने जाना तो उनकी भक्त बन गईं। जिसके बाद उन्होंने अपने अब्बू को बोला कि वो हिंसा, घृणा पर आधारित मजहब छोड़कर सत्य सनातन धर्म को अपनाने जा रही हैं कई हाज़ी काज़ियों ने तमकीन को अपनी अपनी दलीलों से समझाने की कोशिश की लेकिन राम की धुन में रमी तमकीन ने सनातन धर्म ग्रहण कर लिया। सनातन में आपका स्वागत है तमकीन।”
पोस्ट के आर्काइव वजर्न को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल ओपन सर्च के जरिए तमकीन खान सर्च किया। सर्च में हमें इसी नाम का एक वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट मिला। इस अकाउंट के 1 मिलियन (10 लाख) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इस प्रोफाइल पर हमें इस फोटोशूट की तस्वीरें पिन की हुई मिली। 25 अप्रैल 2025 की पोस्ट में तस्वीरों को शेयर हुए राम नवमी की शुभकामनाएं दी गई हैं।
सर्च में हमें 6 अप्रैल 2025 को एक वीडियो शेयर किया हुआ मिला, इसी वीडियो के फ्रेम को वायरल पोस्ट में इस्तेमाल किया गया है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हम तमकीन खान के यूट्यूब चैनल पर पहुंचे। यहां हमें 15 अप्रैल 2025 को अपलोड हुआ एक वीडियो मिला। यह वीडियो वायरल हो रही पोस्ट से संबधित है। वीडियो में उन्होंने धर्म परिवर्तन के दावों का खंडन करते हुए बताया कि वह सभी धर्मों की इज्जत करती हैं। और कई त्योहार के मौकों पर शुभकामनायें देती हैं। हालांकि, धर्मपरिवर्तन नहीं किया है। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, “कुछ दिन पहले मैंने सीता माता का रोल बनाया था, वह एक कैरेक्टर प्ले था। मुझे बहोत ख़ुशी हुई थी वह कर के… लेकिन उसको लेकर बाते फैलाई जा रही हैं कि मैंने धर्म चेंज कर लिया है।… ऐसे बाते की जा रही हैं कि मैंने अपना इस्लाम धर्म छोड़ दिया है और हिंदुत्व अपना लिया है।” इसी वीडियो के 3 मिनट 15 सेकंड पर तमकीन खान को वायरल पोस्ट में किए गए मदरसे से जुड़े बाकी दावों का खंडन करते हुए भी सुन सकते हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए तमकीन खान से ईमेल के जरिए संपर्क किया है। जवाब आते ही खबर को अपडेट किया जायेगा।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Ankit Bhardwaj की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 65 हजार लोग फॉलो करते हैं। वहीं, इस प्रोफाइल से विचारधारा प्रेरित पोस्ट शेयर की जाती हैं।
The post Fact Check: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तमकीन खान के हिंदू धर्म अपनाने का फर्जी दावा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments