What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: हेलीकॉप्टर से उतरकर भागते हुए नहीं गिरे सम्राट चौधरी, एआई की मदद से वीडियो के साथ की गई छेड़छाड़

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में 11 नवंबर को दूसरे चरण के लिए वोट डाले जाएगें। इसी बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी के नेता सम्राट चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि हेलीकॉप्टर पीछे की तरफ खड़ा है और सम्राट चौधरी भाग रहे हैं। इसी बीच भागते हुए वह नीचे गिर जाते हैं। इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार चुनाव के दौरान प्रचार करते समय सम्राट चौधरी के साथ यह घटना हुई। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वायरल दावा गलत है। यह वीडियो असली नहीं, बल्कि एआई जनरेटेड है। असली वीडियो में वो हेलीकॉप्टर से नीचे उतरते हैं और चलकर लोगों से मिलने के लिए जाते हैं। दुष्प्रचार की मंशा से असली वीडियो के कुछ भागों के साथ एआई की मदद से छेड़छाड़ की गई है और अब उसे गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘चन्दन यादव’ ने 7 नवंबर 2025 को इस वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “तेजस्वी जी का नकल करने चला था मुरैठा वाला समांठ।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने उसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन ‘santosh9587’ नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 2 नवंबर 2025 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, वीडियो बरियारपुर हाई स्कूल के मैदान का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर से नीचे उतरकर लोगों से मिलने के लिए चले जाते हैं बीच में नहीं गिरते हैं। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘ER Ashok Raj’ और ‘नीतीश कुमार फैन्स’ के फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को शेयर करते हुए बताया गया है कि सम्राट चौधरी के वीडियो के साथ एआई की मदद से छेड़छाड़ की गई है। साथ ही इस असली वीडियो भी शेयर किया गया है। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई डिटेक्शन टूल्स का इस्तेमाल किया। हमने वीडियो के कीफ्रेम को एआई और नॉट टूल पर सर्च किया। टूल ने कीफ्रेम्स के एआई होने की संभावना जताई। ‘matrix tencent’ ने वीडियो के एआई होने की संभावना जताई। इस टूल ने भी इस वीडियो के 60 फीसदी तक एआई होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो में एआई का इस्तेमाल किया गया है। जैसे सम्राट चौधरी वो भागते हैं और नीचे गिर जाते हैं उनके हाथों और चेहरे के मूवमेंट्स को देखकर समझा जा सकता है कि इनमें एआई का इस्तेमाल किया गया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच के दौरान दैनिक जागरण, बिहार के राज्य ब्यूरो प्रमुख अरुण अशेष से संपर्क करते हुए उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने भी इसे एडिटेड और फेक बताया है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यह यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट्स को शेयर करता है। इस यूजर को 65 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को पटना का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सम्राट चौधरी के गिरने का वायरल वीडियो और उसको लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो असली नहीं, बल्कि एआई जनरेटेड है।

The post Fact Check: हेलीकॉप्टर से उतरकर भागते हुए नहीं गिरे सम्राट चौधरी, एआई की मदद से वीडियो के साथ की गई छेड़छाड़ appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments