नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के बाद से सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के कई वीडियो वायरल हो रहे। इनमें से एक वीडियो में भीड़ को बस और गाड़ी पर पत्थर फेंकते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बिहार चुनाव के नतीजे आने के बाद लोग छपरा में प्रदर्शन कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वीडियो का बिहार से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो गुजरात के राजकोट का अक्टूबर 2025 का है, जब गुजरात के बोटाद जिले में आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित की गई किसान महापंचायत के दौरान हिंसा हुई थी। उसी वीडियो को अब छपरा प्रदर्शन का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
इंस्टाग्राम यूजर sonuydv_official_01 ने 17 नवंबर 2025 को वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “Chhapra Bihar Protest against the Bihar Assembly Election result 2025 (हिंदी अनुवाद: छपरा बिहार में 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन)”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के कई स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। वीडियो न्यूज 24 के अधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 13 अक्टूबर 2025 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के मुताबिक, ‘गुजरात के बोटाद में आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित महापंचायत के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। पुलिस के अनुसार, यह महापंचायत बिना अनुमति के आयोजित की गई थी। जब पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया। इसमें पुलिस वाहन को भी नुकसान हुआ था।’
हमें यह वीडियो दूसरे एंगल से Zee News के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर मिला। 13 अक्टूबर 2025 को शेयर वीडियो में बताया गया,”वीडियो गुजरात के बोटाद में किसान महापंचायत के दौरान हुई हिंसा का है। इस दौरान किसानों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने 20 लोगों को हिरासत में लिया था।”
हमें वीडियो rajkot_story नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। 12 अक्टूबर 2025 को अपलोड वीडियो में इस घटना को राजकोट का बताया गया है।

वीडियो से जुड़ी अन्य रिपोर्ट्स यहां देखें।
हमने वीडियो को गुजराती दैनिक जागरण में एसोसिएट एडिटर जीवन कपूरिया के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया,” यह वीडियो राजकोट का है। यहां एक महापंचायत आयोजित की गई थी, उस दौरान की यह घटना है।”
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के वरिष्ठ संवाददाता रमन शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने बताया वीडियो छपरा का नहीं है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला यूजर को इंस्टाग्राम पर 80 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: बिहार चुनाव नतीजों के खिलाफ छपरा में प्रदर्शन का दावा गलत, गुजरात का है वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.
0 Comments