नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर एक पेड़ की तस्वीर को फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स पेड़ की इस तस्वीर को दुनिया का सबसे बड़ा तुलसी का पेड़ बताकर वायरल कर रहे हैं। विश्वास न्यूज एक बार पहले भी इसकी जांच कर चुका है। पड़ताल में पता चला कि वायरल तस्वीर में दिख रहा पेड़ तुलसी का नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर सिड शॉ ने 2 अगस्त को एक तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया, “विश्व का सबसे बड़ा तुलसी का पेड़ यह तुलसी का पेड़ भारत कर्नाटक बिलिगिरांगना बेट्टा में है!”
पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर दूसरे यूजर्स भी वायरल कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
तुलसी के नाम पर वायरल तस्वीर की जांच के लिए विश्वास न्यूज ने सबसे पहले इसे गूगल लेंस टूल की मदद से सर्च करना शुरू किया। हमें इससे मिलते-जुलते ढेरों परिणाम मिले। यह तस्वीर पिछले कई सालों से अलग-अलग शहरों के नाम से वायरल मिली। किसी में इसे कर्नाटक का बताया गया तो कहीं इसे मथुरा का।
सर्च को आगे बढ़ाते हुए हमने दुनिया की सबसे लंबे तुलसी के पौधे के बारे में सर्च किया । हमें तुलसी को लेकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्डस डॉट कॉम पर एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि दुनिया में सबसे लंबे तुलसी के पौधे का रिकॉर्ड ग्रीस की एक महिला के घर में लगे तुलसी के पौधे का है। 2012 में इसकी लंबाई 10 फीट 11.5 इंच थी। इस खबर में तुलसी के पौधे की तस्वीर को भी देखा जा सकता है, जो कि वायरल हो रही तस्वीर से अलग है। इस लेख को यहां पढ़ा जा सकता है।

सर्च के दौरान मातृभूमि डॉट कॉम की वेबसाइट पर खबर मिली। 16 अगस्त 2020 को पब्लिश इस खबर में बताया गया कि तमिलनाडु के एक व्यक्ति के घर में लगे तुलसी के पौधे की लंबाई 340 सेमी है। इस खबर में यह भी बताया गया कि दुनिया में सबसे लंबी तुलसी के पौधे का रिकॉर्ड ग्रीस के पास है। पूरी खबर यहां पढ़ें।

विश्वास न्यूज ने एक बार पहले भी वायरल तस्वीर की विस्तार से जांच की थी। उस वक्त इसे लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर (अतिथि संकाय) श्रुति कसाना से बात की। उन्होंने हमें बताया था , “तस्वीर में दिख रहा पेड़ तुलसी का नहीं है। तुलसी का पौधा कभी पेड़ की शक्ल नहीं ले सकता। यह दिखने में आम के पेड़ जैसा लग रहा है, जब उसमें फूल लगना शुरू होता है। पर यह बात पुष्टि से नहीं की जा सकती, क्योंकि तस्वीर साफ़ नहीं है। तुलसी की औसतन अधिकतम ऊंचाई 3 फ़ीट तक होती है, मगर कई बार यह 6 फ़ीट या उससे ज़्यादा तक भी बढ़ जाता है।”
विश्वास न्यूज को जांच में यह नहीं पता चला कि यह पेड़ कहां पर है। हां, यह विश्व का सबसे बड़ा तुलसी का पौधा नहीं है।
पड़ताल के अंत में बारी थी फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। फेसबुक यूजर सिड शॉ व ने अपना अकाउंट अप्रैल 2018 में बनाया था। इसे दो हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में दुनिया के सबसे बड़े तुलसी के पेड़ के नाम पर वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई।
The post Fact Check : दुनिया के सबसे बड़े तुलसी के पेड़ के नाम पर फिर वायरल हुई फर्जी पोस्ट appeared first on Vishvas News.
0 Comments